01 से 03 सितंबर तक होगा कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन
जिला में 748 कृषि यंत्रों के बिल किए गए अपलोड, निर्धारित तिथि को आवश्यक दस्तावेजों सहित पहुंचें किसान
सोनीपत, 31 अगस्त। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा एसएमएएम योजना के तहत किसानों को अनुदान पर उपलब्ध करवाए जा रहे कृषि यंत्रों का भौतिक सत्यापन 01 से 03 सितंबर तक किया जाएगा। जिला में अब तक कुल 748 कृषि यंत्रों के बिल पोर्टल पर अपलोड किए जा चुके हैं, जिनमें 279 लेजर लैंड लेवलर, 460 रोटावेटर तथा 9 अन्य कृषि यंत्र शामिल हैं।
सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा ने बताया कि किसानों द्वारा अपलोड किए गए कृषि यंत्रों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भौतिक सत्यापन किया जाएगा। 01 सितंबर को अन्य कृषि यंत्रों, 02 सितंबर को लेजर लैंड लेवलर तथा 03 सितंबर को रोटावेटर का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित किसानों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि पर अपने कृषि यंत्र के साथ स्वयं उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करवाएं।
इन स्थानों पर होगा भौतिक सत्यापन
सोनीपत एवं राई ब्लॉक: राजीव गांधी विश्वविद्यालय गेट, राई
खरखौदा ब्लॉक: अनाज मंडी, खरखौदा
गोहाना, मुंडलाना एवं कथूरा ब्लॉक: नई सब्जी मंडी, गोहाना
गन्नौर ब्लॉक: अनाज मंडी, गन्नौर
किसान ये दस्तावेज साथ लेकर आएं
सहायक कृषि अभियंता ने बताया कि भौतिक सत्यापन के समय किसानों को अपने कृषि यंत्र के साथ मूल बिल, ई-वे बिल, परमिट, कृषि यंत्र की लोकेशन सहित फोटो तथा ऑनलाइन भुगतान से संबंधित बैंक स्टेटमेंट साथ लाना अनिवार्य है। उन्होंने किसानों से कहा कि सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रूप में लेकर निर्धारित स्थान पर समय पर पहुंचें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को सरकार की योजना का लाभ पारदर्शी एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसलिए संबंधित किसान निर्धारित तिथि और स्थान पर कृषि यंत्र सहित उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन अवश्य करवाएं।




