जनसमस्याओं के समाधान के लिए गोहाना के उपमंडलीय परिसर में आयोजित हुआ समाधान शिविर, एसडीएम अंकित कुमार ने अधिकारियों की जवाबदेही तय की
आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : एसडीएम अंकित कुमार


गोहाना (सोनीपत),(अनिल जिंदल) 28 सितंबर। गोहाना उपमंडलीय परिसर में आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता एसडीएम अंकित कुमार ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर आमजन की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उनके समाधान के निर्देश दिए।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित, प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय अवधि में समाधान किया जाए तथा किसी भी पात्र नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान शिविर में व्हीकल नंबर में मोबाइल नंबर दर्ज करवाने बारे, बिजली मीटर खराब होने की शिकायत, फैमिली आईडी में इनकम कम करवाने बारे, इंतकाल दर्ज करवाने बारे तथा गली से अवैध कब्जा हटवाने बारे जैसी शिकायतें प्राप्त हुई।
समाधान शिविर में अधिकारियों ने मौके पर ही कई शिकायतों का समाधान किया, जबकि शेष जटिल मामलों को शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार गोहाना हेमंत कुमार, नायब तहसीलदार खानपुर अंजू , नगर परिषद सचिव सुंदर शर्मा, बीडीपीओ गोहाना परमजीत रंगा, बीडीपीओ कथुरा पूनम चंदा, बीडीपीओ मुंडलाना अश्विनी कुमार, बिजली विभाग से एसडीओ विकास कुमार, पीडब्ल्यूडी विभाग से एसडीओ अशोक कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग से एसडीओ नरेंद्र लाठर,एआर प्रशांत कुमार, सीडीपीओ सुशीला देवी, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ओमवीर वत्स तथा एएफएसओ राजेश हुड्डा सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।



