जेएलएन स्कूल में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम
पौधरोपण से प्रदूषण पर प्रहार, विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण बचाने का संदेश


गोहाना, 5 अक्टूबर। जवाहर लाल नेहरू सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोहाना में सेवा संकल्प अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोहाना के एसडीएम एवं एचसीएस अधिकारी अंकित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय प्रबंधन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एमएमडी एडवोकेट सुनील शर्मा एवं विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सचिन शर्मा ने संयुक्त रूप से की, जबकि उप-प्राचार्य सूरज शर्मा ने कार्यक्रम का संयोजन किया। विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने वाली प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने वायु प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गुरु की महिमा का गुणगान करते हुए मनमोहक नृत्य और ओजस्वी भाषण भी प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों को उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों ने खूब सराहा।
मुख्य अतिथि एसडीएम अंकित कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग, स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना और अधिक से अधिक पौधरोपण करना स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्व शिक्षक दिवस भी उत्साह के साथ मनाया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्यालय के सभी अध्यापकों को मुख्य अतिथि द्वारा ‘शिक्षक श्रेष्ठता पुरस्कार’ प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई। इसके बाद एसडीएम अंकित कुमार, एडवोकेट सुनील शर्मा, प्राचार्य डॉ. सचिन शर्मा एवं उप-प्राचार्य सूरज शर्मा ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। पौधरोपण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया गया।




