संत रविदास ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जगाई चेतना : बिजेंद्र मलिक

रिंढाणा / गोहाना, 23 अगस्त । रविवार को रिंढाणा स्थित शीतला माता मंदिर परिसर में जिला गोहाना भाजपा अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली गोवर्धनपुर से लाई गई पवित्र मिट्टी के कलश कथूरा मंडल के भाजपा शक्ति केंद्र प्रमुखों को सौंपे। शक्ति केंद्र प्रमुख अपने-अपने गांवों में बूथ स्तर पर संत रविदास जी की प्रतिमा पर इस मिट्टी को अर्पित करते हुए पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महान समाज सुधारक और मानवता के सच्चे उपासक थे। उन्होंने समाज में व्याप्त भेदभाव, ऊंच-नीच और कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाकर लोगों को समानता, भाईचारे और सद्भावना का संदेश दिया। गुरु रविदास बाहरी आडंबरों के घोर विरोधी थे और उन्होंने व्यक्ति के आचरण तथा मन की पवित्रता को सबसे अधिक महत्व दिया।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की प्रसिद्ध वाणी “मन चंगा तो कठौती में गंगा” आज भी समाज को यह संदेश देती है कि सच्ची पवित्रता और श्रद्धा व्यक्ति के मन में होती है। उनके विचार समाज को एकता, समानता और सद्भाव के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
बिजेंद्र मलिक ने कहा कि गुरु रविदास जी के विचार आज के समय में भी पूरी तरह प्रासंगिक हैं। युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग को उनके जीवन एवं संदेश से प्रेरणा लेकर सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान शीतला माता मंदिर परिसर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पौधारोपण भी किया गया। कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भलेराम नरवाल, कथूरा मंडल अध्यक्ष अशोक सैन, जिला गोहाना भाजपा मीडिया प्रभारी डॉ. राममेहर राठी, महंत शंकर गिरि, वन दारोगा रमेश कुमार, हुकमचंद, हरबीर नरवाल, नीलम, नीतेश, ओम भौरिया, रामकिशन छपरा, पप्पू शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




