एसडीएम अंकित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ समाधान शिविर, मौके पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश
शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी : एसडीएम अंकित कुमार


गोहाना(सोनीपत), 25 जून। उप मंडल गोहाना के लघु सचिवालय में गुरुवार को आयोजित हुए समाधान शिविर में आज एसडीएम अंकित कुमार ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के समाधान पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक समस्या पर गंभीरता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि इस प्रकार के समाधान शिविर की वास्तविक सफलता तभी मानी जाती है जब आम नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। समाधान शिविर एक प्रभावी पहल हैं, जहां लोगों को अपनी समस्याएं बताने का अच्छा अवसर मिलता है।
एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत के पीछे लोगों की वास्तविक परेशानी जुड़ी होती है, इसलिए शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं बल्कि संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।
समाधान शिविर के दौरान गोहाना निवासी दीपिका बंसल द्वारा अवैध गौशाला के संचालक द्वारा गोबर फैलाने व धमकी देने के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई। इसके समाधान में एसडीएम अंकित कुमार ने तुरंत गोबर व गंदगी हटवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त भावड निवासी मनीषा द्वारा फैमिली आईडी में आय काम करवाने व दोबारा राशन कार्ड बनवाने बारे, गोहाना निवासी जगबीर द्वारा परिवार पहचान पत्र में इनकम वेरीफाई करवाने बारे, इंतकाल दर्ज करवाने बारे बिजली कनेक्शन लगवाने बारे, जमीन से अवैध कब्जा हटवाने बारे जैसी शिकायत दर्ज हुई। इन में से कुछ का समाधान मौके पर ही कर दिया गया तथा जटिल समस्याओं को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया ।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि अधिकारियों और आमजन के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, शिकायतों के समाधान की गति भी उतनी ही तीव्र होगी। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता बनाए रखें तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता को उसके मामले की स्थिति की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर तहसीलदार शिखा, नायब तहसीलदार खानपुर अंजू, नगर परिषद सचिव सुंदर शर्मा, बिजली विभाग से एसडीओ कपिल यादव, पीडब्ल्यूडी विभाग से एसडीओ अशोक कुमार, जन स्वास्थ्य विभाग से एसडीओ सुनील कुमार, , बीईओ गोहाना बलजीत गहलावत, बीईओ कथुरा लवल किशोर, एएफएसओ राजेश हुड्डा मौजूद रहे।



