जनसेवाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से करें कार्य-उपायुक्त नेहा सिंह
ऑनलाइन रजिस्ट्री, किसान आईडी, स्कूल सुरक्षा, पेयजल एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर उपायुक्त नेहा सिंह ने की संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक


-ई-ऑफिस, सीएफएमएस एवं एचआरएमएस पोर्टल को रखें अपडेट, विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
सोनीपत,(अनिल जिंदल) 16 जुलाई। उपायुक्त नेहा सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उपायुक्त नेहा सिंह ने गुरुवार को लघु सचिवालय में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ) विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से पत्राचार को प्राथमिकता दें तथा कार्यालयी कार्यों को अधिक पारदर्शी एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को सीएफएमएस एवं एचआरएमएस पोर्टलों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग डिजिटल गवर्नेंस को प्रभावी ढंग से लागू करें।
ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली पूरी पारदर्शिता के साथ करें लागू
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह ने ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रणाली, तकसीम मामलों, स्क्रूटनी/सर्कलबंदी एवं इंतकाल की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ऑनलाइन रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालयों में लंबित तकसीम के मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए तथा रजिस्ट्री के तुरंत बाद इंतकाल दर्ज करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
हर किसान की बने किसान आईडी, गांव-गांव चलाएं जागरूकता अभियान
कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिले के प्रत्येक पात्र किसान की किसान आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए गांव स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं तथा किसानों को आईडी के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि किसान आईडी बनाने में यदि किसी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या आ रही है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्कूलों की जर्जर इमारतों का कराएं ऑडिट, विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों की इमारतों का तकनीकी ऑडिट कराया जाए। जिन भवनों को असुरक्षित अथवा कंडम घोषित किया गया है, उन्हें नियमानुसार ध्वस्त कराया जाए। उन्होंने विद्यालयों में पड़े अनुपयोगी एवं कंडम सामान की नियमानुसार नीलामी कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में स्वच्छता, विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
हर गांव में हो स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था
उपायुक्त नेहा सिंह पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सरपंचों एवं ग्राम सचिवों के साथ बैठक कर प्रत्येक गांव में स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जहां भी पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मलेरिया नियंत्रण एवं आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के मौसम को देखते हुए जिले में मलेरिया एवं अन्य मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर फॉगिंग, सैनिटाइजेशन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी रखे।
इसके साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत एवं चिरायु हरियाणा योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कोई भी पात्र परिवार इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने तथा उन्हें योजना का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
बैठक के अंत में उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सरकार की योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करे तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करे।
इस मौके पर एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश सिमरन, डीआरओ सुशील शर्मा, तहसीलदार कीर्ति, सीएमओ डॉ० अनुराधा जैन, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया के अलावा अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा व गोहाना, खरखौदा तथा गन्नौर के एसडीएम ने भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।



