सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विकास कार्यों को दें गति – प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी
एसएमडीए की 11वीं जिला समन्वय समिति की बैठक में 22 एजेंडा बिंदुओं पर हुई विस्तृत चर्चा


– जलभराव, सीएक्यूएम निर्देश, एसटीपी अटेरना, आरआरटीएस, रिठाला-कुंडली मेट्रो, पीएम गतिशक्ति मास्टर प्लान सहित विभिन्न विकास कार्यों की हुई समीक्षा
सोनीपत, 02 सितंबर। प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिला में चल रहे विकास कार्यों को तेजी से पूरा करें तथा नए कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल से ही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा किया जा सकता है।
लघु सचिवालय में बुधवार को प्रथम तल स्थित सभागार कक्ष में प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की 11वीं जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 22 एजेंडा बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य रूप से बहालगढ चौक के पास जलभराव, सीएक्यूएम के निर्देशों की अनुपालना, अटेरना एसटीपी की फंक्शनिंग, पीएनजी, आरआरटीएस परियोजना, रिठाला-कुंडली मेट्रो लाइन, पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान, इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर सोनीपत, प्रस्तावित मास्टर रोड के साथ बिजली की यूटिलिटी शिफ्टिंग, प्रत्येक जिला में एक सिग्नेचर मॉडल रोड का विकास, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार फुटपाथ का निर्माण, राठधाना में एसटीपी की स्थापना तथा नए बस अड्डे के निर्माण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
मानसून के बाद सड़कों से धूल की सफाई के दिए निर्देश
बैठक के दौरान प्रधान सलाहकार ने मानसून सीजन के बाद सड़कों पर जमा हुई धूल एवं मिट्टी की सफाई जल्द से जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं, बारिश की मात्रा मापने के लिए जिला में बेहतर उपकरण स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बारिश की मात्रा का सटीक आंकड़ा उपलब्ध होने से जल निकासी एवं ड्रेनेज सिस्टम को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
अटेरना एसटीपी की फंक्शनिंग की समीक्षा
फंक्शनिंग ऑफ एसटीपी अटेरना से संबंधित विषय की समीक्षा के दौरान बैक्टीरियल कल्चर डेवलपमेंट से संबंधित बिंदुओं पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को एसटीपी से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
सीएक्यूएम निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों की अनुपालना की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों ने बताया कि तीन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां सीएएक्यूएमएस स्थापित किए जाएंगे। वहीं, जिला में पांच अवैध आरएमसी प्लांट भी चिन्हित किए गए हैं। जिसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी गई है। प्रधान सलाहकार ने प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित सभी निर्देशों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रिठाला-कुंडली मेट्रो एवं आरआरटीएस परियोजना की प्रगति की समीक्षा
रिठाला-कुंडली मेट्रो लाइन से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान डीएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि बिजली की लाइनों की शिफ्टिंग को लेकर यूएचबीवीएनएल के अधिकारियों के साथ संयुक्त साइट निरीक्षण कर समन्वय स्थापित किया गया है और इस समस्या को सुलझाने का कार्य किया गया है। परियोजना की ओवरऑल प्रोग्रेस के संबंध में बताया गया कि कार्य पैकेज के आधार पर किया जा रहा है तथा संबंधित कार्यों के लिए टेंडर फ्लोट किए जा चुके हैं। पेड़ों की कटाई से संबंधित विषय पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। वहीं, आरआरटीएस परियोजना के डिपो से संबंधित बिंदू की भी समीक्षा की गई और लंबित कार्यों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर की भी हुई समीक्षा
इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर सोनीपत के संबंध में पुलिस विभाग द्वारा चिन्हित की गई 121 लोकेशन पर लगाए जाने वाले कैमरों की जानकारी प्रधान सलाहकार ने एसीपी से प्राप्त की। उन्होंने कैमरा लगाने से संबंधित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
‘म्हारी सड़क’ ऐप की शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश
‘म्हारी सड़क’ ऐप की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रधान सलाहकार ने सड़क निर्माण एवं रखरखाव से संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और सभी शिकायतों का जल्द से जल्द गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसएमडीए के अधिकारियों ने बताया कि अब तक ‘म्हारी सड़क’ ऐप के माध्यम से 76 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 30 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि 46 शिकायतों पर कार्य प्रगति पर है।
प्रधान सलाहकार ने एसएमडीए की सीईओ ए, मोना श्रीनिवास को निर्देश दिए कि जिन एजेंडा बिंदुओं पर कार्य लंबित हैं, संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनका समाधान करवाते हुए कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।
सोनीपत-खानपुर रोड को सिग्नेचर मॉडल रोड के लिए किया चिन्हित
जिला में एक सिग्नेचर मॉडल रोड विकसित करने के संबंध में पीडब्ल्यूडी बी एंड आर के अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा सोनीपत से खानपुर मार्ग को चिन्हित किया गया है। इस मार्ग पर सड़क को चौड़ा करना, बेहतर एवं उचित साइन बोर्ड, उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री एवं अन्य का उपयोग किया जाएगा। संबंधित कार्य का एस्टीमेट तैयार किया जा चुका है। वहीं, एसएमडीए द्वारा सेक्टर-7 की सड़क को भी मॉडल रोड के रूप में विकसित करने के लिए चिन्हित किया गया है। प्रधान सलाहकार ने संबंधित अधिकारियों को दोनों प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
व्यस्त चौराहों पर फुटपाथ निर्माण पर करें विचार
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार फुटपाथ निर्माण के एजेंडा बिंदु पर चर्चा करते हुए प्रधान सलाहकार ने नगर निगम आयुक्त के साथ बैठक कर शहर के व्यस्त जंक्शनों एवं प्रमुख स्थानों पर फुटपाथ विकसित करने की संभावनाओं पर विचार करने के निर्देश दिए। इसमें रेलवे स्टेशन, लघु सचिवालय सहित अन्य प्रमुख स्थानों को शामिल करने के भी निर्देश दिए गए।
नए बस अड्डे के निर्माण से संबंधित विषय की समीक्षा के दौरान रोडवेज जीएम संजय कुमार ने बताया कि नए बस अड्डे की डीपीआर मुख्यालय स्तर पर लंबित है। उन्होंने बताया कि जिला में 15 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध हैं और सभी बसों का पूर्ण रूप से संचालन किया जा रहा है। बैठक में गीता भवन चौक के ड्रेनेज प्रोजेक्ट से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने पर चर्चा की गई।
प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि बैठक में लिए गए निर्णयों एवं दिए गए निर्देशों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आगामी बैठक से पहले प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान एसएमडीए सीईओ ए, मोना श्रीनिवास, एडीसी अजय चोपड़ा, एसएमडीए अतिरिक्त सीईओ वीना हुड्डा, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी राजदीप मोर व अन्य सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




