Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
दिल्लीब्रेकिंग न्यूजयुवा

कला चैतन्य सोसायटी का युवा नृत्य महोत्सव 1 सितंबर को, पद्मश्री व संगीत नाटक अकादमी विजेता शोभना नारायण भी दिखेंगी मंच पर

उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली तथा यूपी के कलाकार बिखेरेंगे सतरंगी छटा

 

दिल्ली, (अनिल जिंदल) 30 अगस्त । भारतीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन और प्रसार के उद्देश्य से कार्यरत कला चैतन्य सोसायटी विगत कई वर्षों से देश के विभिन्न राज्यों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, कार्यशालाओं तथा कला संबंधी गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन करती आ रही है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए कला चैतन्य सोसायटी द्वारा 1 सितंबर को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर, लोधी रोड के प्रतिष्ठित स्टीन ऑडिटोरियम में सायं 7:00 बजे ‘युवा नृत्य महोत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कथक गुरु विदुषी एवं पूर्व आईआरएस अधिकारी

शोभना नारायण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।

संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष विश्वदीप कथक जगत का एक प्रतिष्ठित नाम हैं। एक कलाकार, शिक्षक, शोधकर्ता एवं सांस्कृतिक प्रशासक के रूप में उन्होंने भारतीय संस्कृति का प्रतिनिधित्व अल्जीरिया, स्पेन, पेरिस, लंदन, तुर्की, ब्रुनेई, बेलारूस, मॉरीशस, चीन तथा दुबई सहित अनेक देशों में किया है। इसके अतिरिक्त वे खजुराहो नृत्य महोत्सव सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दे चुके हैं।

विश्वदीप का मानना है कि कलाकार का दायित्व केवल मंचीय प्रस्तुति तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण का निर्माण करना तथा युवा पीढ़ी को कला के माध्यम से सशक्त बनाना भी उसकी जिम्मेदारी है।

संस्था के सचिव प्रदीप कुमार पाठक राष्ट्रीय संस्थान कथक केंद्र में सात वर्षों तक तबला गुरु के पद पर कार्यरत रहे हैं। उन्होंने अनेक नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियों के लिए संगीत निर्देशन किया है तथा साहित्यिक लेखन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी, पद्मश्री एवं संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ कथक गुरु विदुषी शोभना नारायण, समाजसेवी एवं भाजपा नेता भुवनेश सिंघल, संस्कार भारती के वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक तिवारी तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के पूर्व जनसंपर्क अधिकारी देवेश शुक्ल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन श्री कुलदीप शर्मा द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री आंचल शर्मा एवं सुश्री आस्था गुप्ता की युगल प्रस्तुति से होगा। इसके पश्चात अतुल कुमार एवं सुश्री धृति शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। तीसरी प्रस्तुति सुश्री रिचा बलूनी एवं सुश्री तरुषी राजौरा द्वारा प्रस्तुत की जाएगी। कार्यक्रम का समापन सूरज कुमार एवं श्रीमती रुचिका बग्गा की युगल प्रस्तुति से होगा।

इस महोत्सव में उत्तराखंड, पंजाब, दिल्ली तथा उत्तर प्रदेश के कलाकार एक मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!