Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
चंडीगढ़पत्रकार संघब्रेकिंग न्यूज

पत्रकारों के मुद्दे हरियाणा विधानसभा में उठाने पर डॉ. रघुवीर सिंह कादयान का आभार : संजय राठी

 

चंडीगढ़, 3 सितंबर : मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने हरियाणा विधानसभा में पत्रकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाने के लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बेरी के विधायक डॉ. रघुवीर सिंह कादयान का आभार व्यक्त किया है।

संजय राठी ने कहा कि डॉ. कादयान ने विधानसभा में पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती और गंभीरता के साथ उठाकर प्रदेश के पत्रकार समुदाय की आवाज को सदन तक पहुंचाया है। उन्होंने पत्रकारों की पेंशन में वृद्धि, समय पर पेंशन का भुगतान, प्रेस मान्यता समिति के गठन तथा पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में प्रेस मान्यता समिति का गठन पिछले लगभग 12 वर्षों से नहीं हुआ है, जिसके कारण पत्रकारों को मान्यता से जुड़े मामलों के निपटारे में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की घोषणा के बावजूद यह सुविधा अभी तक लागू नहीं हो पाई है।

संजय राठी ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं तथा लोकतंत्र की मजबूती में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए पत्रकारों को बेहतर और प्रभावी कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने पत्रकारों के लिए दी जाने वाली सहायता राशि को ढाई लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की घोषणा को भी शीघ्र लागू करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि पत्रकार समुदाय लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर सरकार से आग्रह करता रहा है। प्रेस मान्यता समिति का गठन, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, पत्रकार पेंशन में वृद्धि तथा पत्रकारों के कल्याण से जुड़ी अन्य घोषणाओं को शीघ्र लागू किया जाना चाहिए।

संजय राठी ने कहा कि डॉ. रघुवीर सिंह कादयान द्वारा पत्रकारों की समस्याओं को विधानसभा में उठाना सराहनीय एवं स्वागत योग्य पहल है। उन्होंने कहा कि पत्रकार समुदाय उनकी इस पहल के लिए उनका आभार व्यक्त करता है और उम्मीद करता है कि सरकार विधानसभा में उठाए गए इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के पत्रकारों को राहत प्रदान करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!