गौशालाओं में गूंजा भाई-बहन के स्नेह का संदेश, अनिल गोयल ने गौशालाओं मे मनाया रक्षाबंधन


गोहाना, 28 अगस्त (अनिल जिंदल)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गौशालाओं में भी भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का अनूठा संदेश देखने को मिला। गौशाला कोषाध्यक्ष अनिल गोयल ने शुक्रवार को देवी नगर स्थित श्रीकृष्ण आदर्श गौशाला तथा जींद रोड स्थित श्री गोपाल कृष्ण गौशाला पहुंचकर वहां रक्षाबंधन का पर्व सादगी एवं आत्मीयता के साथ मनाया।
इस अवसर पर अनिल गोयल ने दोनों गौशालाओं में कार्यरत कर्मियों के महिला परिजनों से राखी बंधवाई। राखी बंधवाने के बाद उन्होंने महिला परिजनों को उपहार भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने गौशालाओं में मौजूद गौमाता का भी मुंह मीठा करवाया और गौसेवा के प्रति अपनी आस्था एवं समर्पण का परिचय दिया।
अनिल गोयल ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत करने वाला पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, सम्मान और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला त्योहार भी है। गौशालाओं में काम करने वाले कर्मचारी और उनके परिवार निरंतर गौसेवा में योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनके परिवारों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाना उनके लिए विशेष आत्मीयता का विषय है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों गौशालाओं में रक्षाबंधन मनाने का निर्णय अपने बड़े भाई रविराज गोयल की प्रेरणा से लिया। उनका कहना था कि गौसेवा से जुड़े लोगों के साथ पर्व मनाने से त्योहार की खुशी और अधिक बढ़ जाती है।
रक्षाबंधन के अवसर पर गौशालाओं में पहुंचने पर महिला परिजनों ने भी अनिल गोयल को राखी बांधकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान भाई-बहन के स्नेह के साथ गौसेवा और सामाजिक सरोकार का सुंदर संगम देखने को मिला।




