उमंग व उत्साह के बीच मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, एसडीएम अंकित कुमार ने किया ध्वजारोहण
किसान, युवा, महिला और गरीब—हर वर्ग के विकास से बनेगा सशक्त हरियाणा : एसडीएम अंकित कुमार


-युवा शक्ति से विकसित भारत@2047 और विकसित हरियाणा के संकल्प को साकार करने का आह्वान
-देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
गोहाना(सोनीपत), 15 अगस्त। गोहाना के शहीद मदनलाल ढींगरा स्टेडियम में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली। समारोह में हरियाली तीज की उमंग भी देखने को मिली। एसडीएम ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ हरियाली तीज की भी हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर रंग बिखेर दिए। शानदार प्रस्तुतियों के लिए विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग और बलिदान को नमन किया गया। समारोह को सफल बनाने व उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम “युवा शक्ति—विकसित भारत@2047” है। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य बनाने का संकल्प सभी को मिलकर पूरा करना है। ऐसा हरियाणा बनाना है, जहां किसान समृद्ध हों, युवाओं को रोजगार मिले, उद्योगों को बढ़ावा मिले, महिलाएं सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर हों और गांव-शहर समान रूप से विकसित हों।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में हरियाणा का सकल राज्य घरेलू उत्पाद लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र का संतुलित विकास प्रदेश की आर्थिक शक्ति को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने एमएसएमई पॉलिसी को मंजूरी दी है, जिससे छोटे एवं मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहन तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
एसडीएम ने आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में हरियाणा की उपलब्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 जुलाई 2026 को जींद से सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना किया गया। यह स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे हरियाणा के भविष्य की तकनीक एवं हरित अर्थव्यवस्था का केंद्र बनने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
एसडीएम ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और हरियाणा में 24 फसलों की खरीद पर न्यूनतम समर्थित मूल्य सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीक और प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। शामलात भूमि पर लंबे समय से पात्र लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। सरकार महिलाओं को केवल लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने लाडो लक्ष्मी योजना सहित महिला कल्याण की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया तथा अनुसूचित जातियों सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए एसडीएम ने कहा कि नशा युवा शक्ति और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को नशामुक्ति का संकल्प दिलाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
खेलों में हरियाणा की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में भी हरियाणा के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई दी।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि हमारा सपना ऐसा हरियाणा बनाने का है, जहां किसान समृद्ध हों, युवाओं को रोजगार मिले, बेटियां सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर हों, उद्योगों को अवसर मिलें, गांव और शहर समान रूप से विकसित हों तथा विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता मिले।
इस अवसर पर नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी विरमानी, इंदरजीत विरमानी पूर्व उपाध्यक्ष भाजपा जिला सोनीपत, मार्केट कमेटी चेयरमैन कृष्ण सैनी, अनाज मंडी प्रधान श्यामलाल आढ़ती, गोहाना मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र मुद्गिल, खानपुर मंडल अध्यक्ष जस्सी खुराना, बलराम कौशिक, डॉ. ओमप्रकाश, महावीर गुप्ता, रणधीर लठवाल भाजपा कार्यकर्ता, रमेश कश्यप,सभी पार्षद, नायब तहसीलदार गोहाना हेमंत कुमार, नायब तहसीलदार खानपुर अंजू, बीईओ गोहाना बलजीत गहलावत, बीईओ कथुरा लवल किशोर, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ओमवीर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




