हाइड्रोजन ट्रेन के स्वागत की तैयारी को लेकर एसडीएम अंकित कुमार ने रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के गोहाना आगमन की तैयारियां समय पर पूरी करें अधिकारी: एसडीएम अंकित कुमार


गोहाना(सोनीपत),16 जुलाई : उपमंडल अधिकारी अंकित कुमार ने 17 जुलाई को माननीय प्रधानमंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के गोहाना रेलवे स्टेशन पर स्वागत कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वागत कार्यक्रम की सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूर्ण की जाएं, ताकि गोहाना रेलवे स्टेशन पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि पेयजल, टेंट, टेबल, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं, जिससे ट्रेन के स्वागत के लिए आने वाले गणमान्य व्यक्तियों, यात्रियों तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि जींद से सोनीपत के लिए संचालित होने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गोहाना रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गोहाना खंड के बीडीपीओ परमजीत रंगा, रेलवे स्टेशन अधीक्षक प्रदीप कुमार तथा संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




