ध्वज लेकर दिल्ली कूच करेंगे अग्रबंधु, लाल किले के पास गूंजेंगे अग्रसेन के जयकारे
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे मुख्य अतिथि, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रहेंगी विशिष्ट अतिथि

गोहाना, 30 सितंबर। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, नई दिल्ली के तत्वावधान में संगठन के 51 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 10 अक्टूबर को ऐतिहासिक एवं भव्य अग्रसेन जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली में लाल किले के समीप स्थित लवकुश रामलीला मैदान में होने वाले इस समारोह में देशभर से हजारों की संख्या में अग्रबंधुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। कार्यक्रम में अनेक केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रमुख लोग भी शामिल होंगे।
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष डॉ. विनोद जैन ने बताया कि समारोह की अध्यक्षता सम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बसंत कुमार मित्तल करेंगे। कार्यक्रम को राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नत्थूराम जैन सहित सम्मेलन के अनेक अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह में देश के विभिन्न प्रदेशों और जिलों से युवा एवं महिला शक्ति भी बड़ी संख्या में भाग लेगी। अग्रसेन महाराज के आदर्शों और समाज में उनके योगदान को समर्पित इस आयोजन को लेकर अग्रवाल समाज में उत्साह का माहौल है।
समारोह में देश के कोने-कोने से अग्रबंधु अपने-अपने क्षेत्रों की ध्वजाओं के साथ पहुंचेंगे। अग्रसेन महाराज के जयकारों से लवकुश रामलीला मैदान गूंजेगा और समाज के लोग उत्साह के साथ समारोह में भाग लेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन अग्रवाल समाज की एकजुटता, सामाजिक सहभागिता और युवा एवं महिला शक्ति की भागीदारी को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा।




