सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक ने दिखाई सेवा से संकल्प- संकल्प से विकास तक बदलते भारत की तस्वीर
नुक्कड़ नाटक टीम ने राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-12 व पीएम श्री विद्यालय मुरथल अड्डा में विद्यार्थियों को योजनाओं और उपलब्धियों से कराया रूबरू


सोनीपत,(अनिल जिंदल) 06 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के सौजन्य से सेक्टर-12 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय तथा पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मुरथल अड्डा में सेवा से संकल्प-संकल्प से विकास की कहानी विषय पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। नुक्कड़ नाटक टीम के कलाकारों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा देश में हुए महत्वपूर्ण बदलावों एवं विकास कार्यों की जानकारी दी।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। कलाकारों ने संवाद, अभिनय और संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना तथा देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है।
कोरोना काल में टीकाकरण अभियान को किया प्रस्तुत
इस दौरान विद्यार्थियों को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया गया कि कोरोना के समय जहां पूरा विश्व की नजऱ भारत पर थी कि इतनी जनसंख्या होने के बावजूद भारत कैसे इस महामारी से उभर पाएगा। लेकिन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने वो काम किया कि पूरा विश्व देखता रह गया। भारत ने अपनी स्वदेशी कोरोना वैक्सीन बनाई और हर भारतीय को कोरोना से बचने के लिए वैक्सीन लगाकर सुरक्षित किया गया। इसके साथ की भारत ने मानवता रक्षा के लिए अन्य गरीब देशों को ये वैक्सीन पहुंचाई। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि संकट के समय वैज्ञानिक क्षमता, आत्मनिर्भरता, सामूहिक प्रयास और जागरूकता के माध्यम से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
अनुच्छेद 370 हटाए जाने से जम्मू-कश्मीर में विकास को मिली नई दिशा
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को हटाने के बाद क्षेत्र में विकास को गति देने तथा विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में नए प्रयास किए गए। कलाकारों ने अपने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से विद्यार्थियों को इस निर्णय की पृष्ठभूमि और इसके बाद जम्मू-कश्मीर में विकास, आधारभूत सुविधाओं तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और विकास के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छ भारत मिशन से स्वच्छता को मिला जनअभियान का स्वरूप
नुक्कड़ नाटक में स्वच्छ भारत मिशन को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देशभर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शौचालय निर्माण को प्रोत्साहन दिया गया। नाटक के जरिए विद्यार्थियों को खुले में शौच से मुक्ति, स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया। कलाकारों ने कहा कि स्वच्छ भारत का लक्ष्य केवल सरकारी प्रयासों से पूरा नहीं हो सकता, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सयि भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक को रुचि के साथ देखा और कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक नागरिक बनने, स्वच्छता अपनाने, देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने का भी संदेश दिया गया।




