एसआईआर-2026 अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली बीएलओ राजवंती को जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा सिंह ने किया सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने से अभियान को मिलेगी नई गति - डीईओ एवं उपायुक्त नेहा सिंह

-राई विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-01 पर शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन (1067 मतदाता) पूरा कर बनीं जिला के लिए प्रेरणा
सोनीपत, 13 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के अंतर्गत 14 जुलाई तक किए जा रहे एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर राई विधानसभा क्षेत्र के गांव मलिकपुर, बूथ नंबर-01 की बीएलओ राजवंती को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने अपने कार्यालय में प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।
उपायुक्त नेहा सिंह ने बीएलओ राजवंती (आंगनवाड़ी वर्कर) की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए अपने बूथ पर शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फार्म का कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले पूरा किया है। उनका यह उत्कृष्ट कार्य अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में समर्पण और समयबद्ध कार्यशैली लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।
उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर-2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही एवं अद्यतन विवरण सुनिश्चित कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर एवं निर्वाचन अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, उन्हें सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि अन्य कर्मचारी भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों।
इस अवसर पर राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं डीडीपीओ मनीष मलिक, भाजपा के बीएलए-1 माईराम कौशिक, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश कुमार, कानूनगो पूजा व अन्य मौजूद रहें।




