शक्ति केंद्रों की मजबूती से ही संगठन बनेगा और अधिक सशक्त : डॉ. अरविंद शर्मा
अगस्त माह के कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं को दिए विस्तृत दिशा-निर्देश


गोहाना,(अनिल जिंदल) 31 जुलाई। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को पानीपत रोड स्थित दीपांशी गार्डन में शक्ति केंद्र प्रमुखों, बूथ अध्यक्षों तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा अगस्त माह में आयोजित होने वाले विभिन्न संगठनात्मक अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की सफलता का आधार बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसंपर्क बढ़ाने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए। बैठक में उन्होंने अगस्त माह में प्रस्तावित विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों, अभियानों और बैठकों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनकी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अभी से जिम्मेदारियों का निर्वहन शुरू करने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यक्रम केवल संगठन का आयोजन नहीं, बल्कि जनता से सीधे संवाद स्थापित करने का माध्यम होता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, अनुशासन और समर्पण के साथ इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने भी संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े अपने सुझाव रखे। डॉ. अरविंद शर्मा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और संगठन हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और सामूहिक प्रयासों से आगामी सभी कार्यक्रम सफल होंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, प्रोफेसर मदन गोयल, जिला महामंत्री जितेंद्र शर्मा, मण्डल अध्यक्ष प्रवीण खुराना, भूपेन्द्र मुदगिल, संजय दहिया, विनोद सरपंच, रामधन भारतीय, डॉ ओमप्रकाश शर्मा, नरेन्द्र गहलावत आदि उपस्थित रहे।




