जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान और ग्रामीण विकास हमारी प्राथमिकता : मोनिका दहिया
जिला परिषद सोनीपत की बैठक में जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा


-रास्तों की सफाई, बिजली, पानी, पेंशन, माइनर सफाई व अन्य मुद्दों पर हुई सदन में विस्तार से चर्चा, संबंधित अधिकारियों को दिए गए दिशा-निर्देश
सोनीपत, 25 अगस्त। जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि जिला परिषद का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिला पार्षदों द्वारा सदन में उठाए गए जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया की अध्यक्षता में गोहाना रोड स्थित जिला परिषद हॉल में जिला परिषद सोनीपत सदन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों को सदन के समक्ष रखा व लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने की मांग रखी। बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं विकास कार्यों की समीक्षा के साथ हुई। बैठक में पार्षदों के द्वारा बुढ़ापा पेंशन से संबंधित समस्याओं का सदन के सामने रखा गया। इस पर सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर शेड्यूल तैयार कर कैंप लगाए जाएं और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आशा वर्करों की ड्यूटी भी लगाई जाए।
बैठक के दौरान पार्षदों ने गांव बख्तावरपुर से यमुना घाट तथा मेहंदीपुर से यमुना घाट तक रास्तों की चौड़ाई से संबंधित समस्या उठाई। जिस पर सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार नांदनौर से बड़ौली तक बिजली के पोल से संबंधित समस्या भी सदन में रखी गई। बैठक में रास्तों के किनारों पर उगी झाड़ियों, अधूरे विकास कार्यों, तथा चैपालों सहित विभिन्न समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाए गए पेड़ों की शिफ्टिंग के लिए ट्री शिफ्टिंग मशीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया गया, जिस पर सीईओ द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान संबंधित गांवों में माइनरों की सफाई का मुद्दा भी सदन में रखा गया। इस पर सीईओ ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तुरंत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला परिषद चेयरपर्सन मोनिका दहिया व जिला परिषद सीईओ डाॅ. अनमोल ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जन हित के कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाए, किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर डीडीपीओ मनीष मलिक, एक्सईएन पंचायती राज कुलबीर फोगाट, सीएमओ अनुराधा जैन, पूर्व चेयरमैन राजबीर दहिया, ब्लॉक समिति खरखौदा के चेयरमैन सत्येंद्र दहिया, सहित पार्षद एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



