सरकारी एवं एम्पैनल्ड अस्पतालों की फैसिलिटी ग्रेडिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाए पूर्ण – एसडीएम सुभाष चंद्र
हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव मनीराम की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक का हुआ आयोजन


– पीएम राहत कैशलैश योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी दिए गए निर्देश
सोनीपत,(अनिल जिंदल) 04 अगस्त। लघु सचिवालय में मंगलवार को हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री मनीराम की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंस (वीसी) के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ बैठक का आयोजन किया गया व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय के द्वारा राज्यों सरकारों को दिए गए दिशा-निर्देशों की अनुपालना से संबंधित एजेंडा बिदूओं पर अधिकारियों के साथ चर्चा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत सोनीपत एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में गुड समैरिटन शिकायत निवारण प्रणाली (ग्रिवेंस रिड्रेसल सिस्टम), कैशलेस ट्रीटमेंट स्कीम, स्वास्थ्य संस्थानों की फैसिलिटी ग्रेडिंग तथा प्रधानमंत्री राहत योजना सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसडीएम सुभाष चंद्र ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला के सभी सरकारी एवं एम्पैनल्ड अस्पतालों की फैसिलिटी ग्रेडिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए उसकी रिपोर्ट शीघ्र मुख्यालय को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक मानकों का समयबद्ध पालन किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुड समैरिटन (नेक मददगार) योजना के प्रति आमजन को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि ऐसे लोगों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी या उत्पीड़न का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए। बैठक में पीएम राहत कैशलैश योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मोटर व्हीकल अधिकारी सचिन ढुल, रोडवेज जीएम संजय कुमार, डॉ. जितेंद्र, डॉ. मंजीत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




