नागरिक सर्वेक्षण टीमों को सहयोग कर उपलब्ध करवाएं सही एवं सटीक जानकारी : उपायुक्त नेहा सिंह
जिले में अगस्त माह के दौरान किए जा रहे हैं विभिन्न सांख्यिकीय सर्वेक्षण

सोनीपत, 21 अगस्त। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा अगस्त 2026 के दौरान सोनीपत जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक एवं आर्थिक सर्वेक्षण करवाए जा रहे हैं। इन सर्वेक्षणों का उद्देश्य परिवारों की आय, रोजगार, ऋण एवं निवेश, घरेलू परिस्थितियों, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों तथा प्रवासन से संबंधित विश्वसनीय आंकड़े एकत्रित करना है। इन आंकड़ों का उपयोग केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं विकास कार्यों के बेहतर नियोजन और क्रियान्वयन में किया जाता है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने जिले के नागरिकों से आह्वान किया कि सर्वेक्षण के लिए उनके घर, संस्थान अथवा प्रतिष्ठान पर पहुंचने वाली अधिकृत सर्वेक्षण टीमों को आवश्यक एवं सही जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा तैयार की जाने वाली योजनाओं और नीतियों की सफलता के लिए सही एवं विश्वसनीय आंकड़े अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। नागरिकों का सहयोग समाज और जिले के बेहतर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा किए जाने वाले इन सर्वेक्षणों में एकत्रित की गई सभी सूचनाओं को पूर्णतः गोपनीय रखा जाता है। सर्वेक्षण में शामिल परिवारों अथवा संस्थानों की व्यक्तिगत पहचान किसी रिपोर्ट या प्रकाशित आंकड़ों में उजागर नहीं की जाती। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं नीतिगत उद्देश्यों के लिए किया जाता है।
जिले में किए जा रहे हैं पांच प्रमुख सर्वेक्षण
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा अगस्त माह के दौरान सोनीपत जिले में विभिन्न क्षेत्रों में निम्नलिखित सर्वेक्षण किए जा रहे हैं।
1. राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण के अंतर्गत परिवारों की आय एवं घरेलू आर्थिक स्थिति से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। सोनीपत जिले में सोनीपत वार्ड-11 तथा गन्नौर क्षेत्र को इसके लिए चयनित किया गया है।
2. आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण के माध्यम से रोजगार, बेरोजगारी तथा श्रम बल से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्रित किए जाते हैं। जिले में भगतपुरा, रामनगर, कुंडली, बासौदी, गन्नौर, खरखौदा, बढ़मलिक तथा जगदीशपुर को चयनित किया गया है।
3. अखिल भारतीय ऋण एवं निवेश तथा किसान परिवारों की स्थिति मूल्यांकन सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण के माध्यम से परिवारों की ऋण एवं निवेश संबंधी स्थिति तथा किसान परिवारों की आर्थिक परिस्थितियों से संबंधित जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए गगांव नाथूपुर, किशोरा तथा कुंडली शहर क्षेत्र का चयन किया गया है।
4. असंगठित क्षेत्र के उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण के तहत असंगठित क्षेत्र में संचालित विभिन्न उद्यमों एवं व्यवसायों से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके लिए खन्ना कॉलोनी, ऋषि कॉलोनी, गोहाना, खेवड़ा तथा खरखौदा क्षेत्र चयनित किए गए हैं।
5. प्रवासन संबंधी विवरण सर्वेक्षण
इस सर्वेक्षण के माध्यम से लोगों के प्रवासन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी एकत्रित की जाएगी। सोनीपत जिले में निफ्टम कॉलेज, गांव राठधना को इसके लिए चयनित किया गया है।
सर्वेक्षण के आंकड़े नीतियां बनाने में होंगे उपयोगी
उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा एकत्रित किए जाने वाले ये आंकड़े देश एवं प्रदेश की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके आधार पर रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, उद्योग तथा अन्य क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायता मिलती है।




