गोहाना के पत्रकारों को मिली 5 लाख की बीमा पॉलिसी, प्रेस पहचान पत्र और वाहन पास की सौगात
श्रमजीवी पत्रकार संघ के समारोह में पत्रकार एकता, सुरक्षा और मीडिया सेंटर को लेकर हुआ मंथन


गोहाना, (अनिल जिंदल), 27 सितंबर। श्रमजीवी पत्रकार संघ, हरियाणा की जिला इकाई गोहाना की ओर से रविवार को सोनीपत रोड स्थित सिंचाई विभाग के विश्राम गृह में पत्रकारों के लिए बीमा पॉलिसी, प्रेस पहचान पत्र एवं वाहन पास वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गोहाना इकाई से जुड़े पत्रकारों को 5 लाख रुपये की निःशुल्क बीमा पॉलिसी प्रदान की गई। इसके साथ ही पत्रकारों को प्रेस पहचान पत्र और वाहन पास भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पंजाबी महासंघ के अध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता इंद्रजीत विरमानी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम मे मंच संचालन श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के प्रदेश महासचिव नवीन बंसल ने किया ।
इस अवसर पर पत्रकारों की सामाजिक एवं व्यावसायिक सुरक्षा, पत्रकार एकता तथा संगठन को मजबूत करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में कार्य करते हुए समाज की समस्याओं, प्रशासन से जुड़े मुद्दों और जनहित की आवाज को सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं का ध्यान रखना जरूरी है।
गोहाना में जल्द बनेगा मीडिया सेंटर
कार्यक्रम के दौरान गोहाना के पत्रकारों ने शहर में मीडिया सेंटर के लिए भवन उपलब्ध करवाने की मांग मुख्य अतिथि के समक्ष रखी।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा ने पत्रकारों की मांग को स्वीकार करते हुए इंद्रजीत विरमानी से मीडिया सेंटर के लिए भवन की व्यवस्था करवाने का आग्रह किया।
इस पर इंद्रजीत विरमानी ने आश्वासन दिया कि गोहाना के पत्रकारों के लिए जल्द ही नगर परिषद के माध्यम से मीडिया सेंटर के लिए भव्य भवन की व्यवस्था करवाने का प्रयास किया जाएगा।
अतिथियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के संयोजक एवं श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की जिला इकाई गोहाना के जिलाध्यक्ष अनिल जिंदल ने पत्रकार साथियों के साथ अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं फूल मालाओं से स्वागत किया। मुख्य अतिथि अशोक छाबड़ा को पगड़ी पहनाकर स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विशिष्ट अतिथि इंद्रजीत विरमानी को भी पगड़ी पहनाकर स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। संगठन की प्रदेश अध्यक्षा इंदु बंसल जैन का भी फूल माला पुष्प गुच्छ स्मृति चिन्ह व शाल ओढ़ा कर उनका स्वागत व सम्मानित किया।
कार्यक्रम में संघ की जिला संरक्षक सारिका नरवाल, उपाध्यक्ष राजेश पांचाल, सुनील जिंदल, संदीप कुमार, रूपेश, भंवर सिंह, भूषण अग्रवाल, विवेक अहलावत, प्रीति सिंघल, मनोज सभरवाल और कृष्ण चंद्र शर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। समारोह के दौरान पत्रकारों ने संगठन की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपसी एकजुटता के साथ पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने पर भी चर्चा की।




