गोहाना खंड के गौतम नगर में पोषण माह के तहत आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
पोषण से जुड़ी सही आदतों को अपनाकर कुपोषण व एनीमिया को दूर करने पर दिया जोर


गोहाना (सोनीपत), 28 सितंबर। महिला एवं बाल विकास विभाग के खंड गोहाना के गौतम नगर में पोषण माह के तहत पोषण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती सुशीला देवी ने की। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी वर्कर एवं क्षेत्रीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला देवी ने बताया कि 9वां राष्ट्रीय पोषण माह 1 सितंबर 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। इसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों, किशोरियों और उनके परिवारों के बीच पोषण, स्वास्थ्य और सही देखभाल से जुड़े व्यवहारों को बढ़ावा देना है।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। पोषण माह के दौरान लोगों को अपने भोजन में विविधता बनाए रखने, पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लेने तथा एनीमिया की दर को कम करने के लिए विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं तथा अपने बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का विशेष ध्यान रखें और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका केवल पोषण सेवाएं उपलब्ध करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों को स्वस्थ एवं पोषणयुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।




