

गोहाना, 22 जून। हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार तथा इको क्लब फॉर मिशन लाइफ के तत्वावधान में खंड गोहाना के सभी राजकीय व निजी विद्यालयों में दिनांक 22 जून 2026 से 28 जून 2026 तक ग्रीन समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना है। कैंप के दौरान विभिन्न पर्यावरणीय गतिविधियों के साथ-साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
ग्रीन समर कैंप का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी गोहाना श्री बलजीत गहलावत, श्रीमती मंजू प्राचार्य राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोहाना मंडी, श्रीमती कंचन आहूजा प्राचार्य सत्यानंद पब्लिक स्कूल गोहाना, गौरव कपूर एकाउंट्स एग्जीक्यूटिव बीईओ ऑफिस गोहाना, शीला सिंहरोहा (बीआरपी इंग्लिश), संजय बीआरपी साइंस द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोहाना सिटी और सत्यानंद पब्लिक स्कूल गोहाना में पौधारोपण कर औपचारिक रूप से किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी श्री बलजीत गहलावत ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत करवाते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी है।
शीला सिंहरोहा बीआरपी इंग्लिश ने बताया कि सरकारी निर्देशों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय द्वारा कम से कम 100 पौधे लगाए जाएंगे तथा उनके विवरण एवं फोटो निर्धारित वेब पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इस अभियान में विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी, स्कूल प्रबंधन समितियां तथा स्थानीय समुदाय भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी गोहाना श्री बलजीत गहलावत जी ने बताया कि खंड गोहाना के सभी विद्यालयों में इस अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी तथा विद्यार्थियों में हरित एवं स्वच्छ भविष्य के निर्माण की भावना को सुदृढ़ करेगी।




