Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
जींदबीजेपीब्रेकिंग न्यूजराजनीति

17 जुलाई को प्रधानमंत्री मोदी का दौरा हरियाणा के लिए बनेगा ऐतिहासिक, हाइड्रोजन ट्रेन और आधारभूत ढांचे की परियोजनाओं से खुलेगा विकास का नया अध्याय

जींद को राजनीति नहीं, विकास और नवाचार की पहचान दी भाजपा ने : सुभाष बराला

 

-जींद से मिलेगी हरित विकास को नई रफ्तार, 17 जुलाई भविष्य की तकनीक का बनेगा ऐतिहासिक दिन

हाइड्रोजन ट्रेन से विश्व मानचित्र पर चमकेगा जींद, हरियाणा बनेगा ग्रीन मोबिलिटी हब

प्रधानमंत्री का जींद दौरा हरियाणा के विकास की नई इबारत लिखेगा

जींद, 10 जुलाई (अनिल जिंदल संपादक)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जींद दौरा केवल उद्घाटन कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा के नए विजन, आधुनिक तकनीक और मजबूत आधारभूत ढांचे की दिशा में निर्णायक कदम है।

शुक्रवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में बराला ने कहा कि राजनीतिक दृष्टि से हरियाणा का केंद्र रहे जींद को वर्षों तक विपक्षी दलों ने केवल राजनीतिक प्रयोगशाला के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि भाजपा सरकार ने इसे विकास, निवेश और आधुनिक तकनीक का केंद्र बनाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन आधारित रेल तकनीक से जुड़ी परियोजना की शुरुआत जींद से होना हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। इससे जींद स्वच्छ और आधुनिक परिवहन तकनीक के प्रमुख केंद्र के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत हरित ऊर्जा, स्वच्छ परिवहन और अत्याधुनिक तकनीकों के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत केवल नई तकनीकों का उपयोगकर्ता नहीं, बल्कि उनके विकास और नवाचार में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। जींद से शुरू होने वाली यह पहल उसी दूरदर्शी सोच का प्रमाण है।

बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा में बड़े आधारभूत ढांचा निवेश का स्पष्ट संकेत है। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे, एनएच-352ए, अंबाला-कालेअम्ब कॉरिडोर तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देंगी। इससे कृषि, उद्योग और व्यापार को लाभ मिलेगा, परिवहन लागत घटेगी तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र को भी इन परियोजनाओं से नई ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार का लक्ष्य हरियाणा को उत्तर भारत का सबसे मजबूत लॉजिस्टिक्स और ग्रीन मोबिलिटी हब बनाना है। आधुनिक औद्योगिक क्लस्टर, वेयरहाउसिंग, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स और डिजिटल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देकर प्रदेश को भविष्य की अर्थव्यवस्था के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।

बराला ने कहा कि सरकार का विकास मॉडल केवल सड़क और रेल परियोजनाओं तक सीमित नहीं है। मेडिकल कॉलेजों के विस्तार से स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी, वहीं कुरुक्षेत्र में बनने वाला आधुनिक सिख संग्रहालय धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को नई पहचान देगा। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के प्रत्येक जिले तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि जींद में आयोजित होने वाला कार्यक्रम प्रधानमंत्री के ‘मिशन लाइफ’ के अनुरूप पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन विकसित भारत-2047 के संकल्प में हरियाणा की अग्रणी भूमिका को और सशक्त करेगा।

प्रदेशवासियों से 17 जुलाई को जींद पहुंचने का आह्वान करते हुए बराला ने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट संदेश है कि जनभागीदारी, आधुनिक तकनीक, मजबूत आधारभूत ढांचा और सुशासन ही विकसित भारत और विकसित हरियाणा की सबसे बड़ी पहचान होंगे।

प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री के मीडिया कोऑर्डिनेटर अशोक छाबड़ा, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह खरक, प्रदेश प्रवक्ता राजवीर रोहिल्ला, विधानसभा उपाध्यक्ष के मीडिया प्रभारी सन्नी मग्गू तथा जिला मीडिया प्रभारी राकेश बैरागी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!