29 अगस्त को जिले के सभी विद्यालयों एवं कार्यालयों में मनाया जाएगा श्रमदान दिवस
स्वच्छता अभियान के साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों व ग्रामवासियों को किया जाएगा जागरूक

सोनीपत, 27 अगस्त। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों एवं कार्यालयों में 29 अगस्त, शनिवार को श्रमदान दिवस एवं विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विद्यालय परिसरों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाने के साथ-साथ विद्यार्थियों, अभिभावकों और आमजन में स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर अपनाई जाने वाली जिम्मेदारी है। विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ उनके अभिभावकों एवं ग्रामवासियों को भी स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ विद्यालय ही स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। अभियान के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखते हुए सभी गतिविधियां शिक्षकों की निगरानी में करवाई जाएं।
विद्यालयों में अलग-अलग समूह बनाकर होगी साफ-सफाई
अभियान के तहत प्रत्येक कक्षा को दो समूहों में विभाजित कर प्रत्येक समूह के लिए शिक्षक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा। कक्षाओं, बरामदों, पेयजल स्थलों, शौचालयों, विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान सहित विभिन्न स्थानों की सफाई के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की जाएंगी। विद्यालय मुखिया स्वयं भी किसी क्षेत्र की जिम्मेदारी लेकर अभियान का नेतृत्व एवं निगरानी करेंगे।
विज्ञान प्रयोगशालाओं की सफाई के लिए संबंधित विज्ञान अध्यापक को समूह प्रभारी बनाया जाएगा। प्रयोगशालाओं के साथ-साथ अलमारियों, डिजिटल बोर्ड, पंखों एवं अन्य उपकरणों की भी विशेष रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी।
मॉर्निंग असेंबली में विद्यार्थियों को किया जाएगा जागरूक
उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि 29 अगस्त से प्रतिदिन प्रातःकालीन सभा में विद्यार्थियों को स्वच्छता, व्यक्तिगत साफ-सफाई और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों एवं ग्रामवासियों को भी स्वच्छता बनाए रखने तथा मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए जागरूक किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर निकटवर्ती सरकारी अस्पताल एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का सहयोग भी लिया जाएगा।
एसएमसी एवं ग्राम पंचायत की भी ली जाएगी भागीदारी
अभियान में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के सदस्यों तथा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा। उनके सहयोग से स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान में प्रत्येक विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, ग्राम पंचायत एवं एसएमसी की सहभागिता इसे जन-अभियान का रूप दे सकती है। सभी संबंधित अधिकारी एवं विद्यालय मुखिया अभियान को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी निभाएं।



