Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
खेतीप्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

 206 सुपर सीडर व 6 बेलिंग मशीनों के लिए किसानों का हुआ चयन, 25 अगस्त तक दस्तावेज जमा करवाना अनिवार्य

सुपर सीडर व बेलिंग मशीन पर अनुदान के लिए ऑनलाइन ड्रा संपन्न

सोनीपत, 21 अगस्त। राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत फसल अवशेष प्रबंधन योजना में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए शुक्रवार को लघु सचिवालय के तृतीय तल पर ऑनलाइन ड्रा आयोजित किया गया। कृषि यंत्रों के लाभार्थियों के चयन के लिए गठित जिला कार्यकारी कमेटी की अध्यक्षता नगराधीश सिमरन ने की। ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से किसानों का पारदर्शी तरीके से चयन किया गया।

कृषि विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अंतर्गत फसल अवशेष प्रबंधन योजना में 16 प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। जिले में विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए कुल 1329 किसानों ने आवेदन किया है।

उप निदेशक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, डॉ. वीरेंद्र आर्य ने बताया कि जिले के लिए 206 सुपर सीडर तथा 6 बेलिंग मशीनों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ड्रा निकालकर 206 सुपर सीडर के लाभार्थियों का चयन किया गया तथा 62 किसानों की प्रतीक्षा सूची तैयार की गई। इसी प्रकार 6 बेलिंग मशीनों के लिए किसानों का चयन किया गया और 2 किसानों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया।

उन्होंने बताया कि फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत अन्य 14 प्रकार के कृषि यंत्रों के लिए भी दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार लाभार्थियों का चयन किया जाएगा। अनुसूचित जाति श्रेणी के 8 किसानों को भी सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण पाए जाने पर योजना के तहत कृषि यंत्रों का लाभ दिया जाएगा।

25 अगस्त तक दस्तावेज जमा करवाना जरूरी

सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा ने बताया कि ऑनलाइन ड्रा में चयनित किसानों को योजना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज 25 अगस्त तक सहायक कृषि अभियंता कार्यालय, राई में जमा करवाने होंगे। दस्तावेजों की जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद किसान विभागीय पोर्टल से अपना परमिट डाउनलोड कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि चयनित किसानों को परमिट प्राप्त होने के बाद 10 सितंबर तक संबंधित कृषि यंत्र की खरीद करनी होगी तथा कृषि यंत्र की खरीद का बिल 15 सितंबर तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन अपलोड करवाना अनिवार्य होगा। उन्होंने किसानों से निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की, ताकि उन्हें अनुदान का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

ऑनलाइन ड्रा से हुआ पारदर्शी चयन

नगराधीश सिमरन ने कहा कि सरकार की कृषि यंत्र अनुदान योजनाओं का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि तकनीक उपलब्ध करवाने के साथ-साथ फसल अवशेष प्रबंधन को बढ़ावा देना है। ऑनलाइन ड्रा के माध्यम से लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया गया है। उन्होंने चयनित किसानों को शुभकामनाएं देते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सुपर सीडर एवं बेलिंग मशीन जैसे कृषि यंत्र फसल अवशेष प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके प्रयोग से पराली जलाने की समस्या को कम करने के साथ-साथ फसल अवशेषों के बेहतर प्रबंधन में किसानों को सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर जिला कार्यकारी कमेटी के सदस्य उप निदेशक कृषि डॉ. वीरेंद्र आर्य, सहायक कृषि अभियंता नवीन हुड्डा, कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. कुलदीप, लीड बैंक मैनेजर सुनीता अरोड़ा, प्रगतिशील किसान विजय आर्य सहित संबंधित अधिकारी एवं कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!