Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
झज्जरपत्रकार संघब्रेकिंग न्यूज

झज्जर में श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा का नौवां प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह’ भव्यता के साथ संपन्न, 

- 18 जिलों के 327 पत्रकार हुए सम्मानित

चंडीगढ़ / झज्जर, (अनिल जिंदल ) 24 अगस्त। श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा द्वारा आयोजित प्रदेशस्तरीय ‘नौवां पत्रकार सम्मान समारोह’ झज्जर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मीडिया सलाहकार अशोक छाबड़ा तथा मुकेश वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की व समारोह की अध्यक्षता श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक व प्रदेश अध्यक्ष डॉ इंदु बंसल जैन ने की कार्यक्रम के संयोजक श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की झज्जर जिला इकाई के अध्यक्ष ललित गोठवाल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात प्रदेश की विभिन्न जिला इकाइयों के जिला अध्यक्षों ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन व उपस्थिति अतिथियों का सम्मान किया। समारोह में पत्रकारिता, समाजसेवा एवं कला जगत से जुड़ी अनेक विशिष्ट हस्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। समारोह में हरियाणवी हास्य कलाकार महेंद्र सिंह उर्फ झंडू ने अपनी शानदार हास्य प्रस्तुतियों से दर्शकों को खूब गुदगुदाया। वहीं प्रसिद्ध जादूगर तुलसी एवं उनके सहायक बाल जादूगर युग ने हैरतअंगेज एवं आकर्षक जादुई प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह का भरपूर मनोरंजन किया। साथ ही अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर अली अख्तर खान ने पत्रकारों का हौंसला बढ़ाया।

‘मैं नहीं, हम’ की भावना से संगठन को नई दिशा

श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा के प्रदेश महासचिव नवीन बंसल ने संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन की मूल भावना ‘मैं नहीं, हम’ है और इसी सोच के साथ प्रदेशभर के पत्रकारों को साथ लेकर संगठन को निरंतर मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि संगठन ने महज डेढ़ वर्ष की अल्प अवधि में प्रदेश स्तर पर 9 पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किए हैं तथा हरियाणा के 14 जिलों में जिला इकाइयों का गठन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए निरंतर सक्रियता से कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी पत्रकार समाज को एकजुट कर उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से सरकार एवं समाज के समक्ष उठाया जाएगा।

पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध : अशोक छाबड़ा

मुख्य अतिथि अशोक छाबड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार निरंतर इस दिशा में मंथन एवं प्रयास कर रही है कि पत्रकारों के कल्याण के लिए और कौन-कौन से प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर भी हरियाणा सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है। पत्रकारों द्वारा रखी गई विभिन्न मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही पत्रकारों की बौद्धिक यात्रा से संबंधित मांग को लेकर वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चर्चा करेंगे और इसे निर्धारित कराने का प्रयास करेंगे।

पत्रकारों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन

मुख्यमंत्री हरियाणा के मीडिया सलाहकार मुकेश वशिष्ठ ने कहा कि वे स्वयं पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े रहे हैं और इस पेशे में आने वाली चुनौतियों एवं संघर्षों से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी समाज एवं देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निरंतर निर्वहन करता है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों के हितों से जुड़े विषयों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं प्रदेश सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से पत्रकारों को आयुष्मान योजना का लाभ तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में सरकार से आग्रह करने की बात कही।

इसी दौरान मुकेश वशिष्ठ ने फोन के माध्यम से हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से भी उपस्थित पत्रकारों की बातचीत करवाई। शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम में शामिल न हो पाने पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि अत्यधिक व्यस्तता के कारण वे समारोह में नहीं पहुंच सके, लेकिन आगामी कार्यक्रम में अवश्य शामिल होने का प्रयास करेंगे। उन्होंने इसी अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।

धूप, गर्मी, सर्दी और बारिश में भी पत्रकार का कार्य निरंतर जारी रहता है’ : डॉ. इंदु बंसल जैन

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि पत्रकार समाज की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। वह धूप, गर्मी, सर्दी और बारिश की परवाह किए बिना अपने दायित्व का निरंतर निर्वहन करता है। ऐसे में पत्रकारों का सम्मान महज औपचारिकता नहीं, बल्कि उनके समर्पण, संघर्ष, कर्मठता और सामाजिक योगदान के प्रति सम्मान की अभिव्यक्ति है।

उन्होंने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा पत्रकारों के सम्मान, अधिकारों एवं कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा। संगठन का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक पत्रकार को साथ लेकर एक मजबूत, प्रभावशाली एवं संगठित मंच तैयार करना है।

18 जिलों के 327 पत्रकारों का हुआ सम्मान

समारोह में हरियाणा के 18 जिलों से पहुंचे लगभग 327 पत्रकारों को सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के साथ कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बना दिया। उपस्थित पत्रकारों एवं गणमान्य अतिथियों ने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संगठनात्मक सक्रियता तथा पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

झज्जर में आयोजित यह प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह पत्रकार एकता, संगठनात्मक मजबूती और पत्रकारों के सम्मान के प्रति श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की प्रतिबद्धता का प्रभावशाली उदाहरण बनकर सामने आया।

27 सितंबर को हांसी में होगा अगला प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह

उल्लेखनीय है कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा का अगला प्रदेशस्तरीय पत्रकार सम्मान समारोह 27 सितंबर को हांसी में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय व्यापारी, प्रशासन, राजनेता सहित प्रदेशभर से सम्मानित पत्रकार एवं आमजन भी भाग लेंगे। संगठन की ओर से बताया गया कि हांसी में होने वाले इस समारोह के संयोजक हांसी जिला अध्यक्ष अजय शर्मा होंगे और आयोजक हांसी जिला इकाई होगी और यह कार्यक्रम भी सामाजिक सरोकारों, पत्रकारिता एवं जनभागीदारी को केंद्र में रखते हुए आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर डॉ महिपाल चेयरमैन संस्कारम ग्रुप, वेदमान ग्रुप के डायरेक्टर अमित कीन्हा, कांग्रेसी नेता रमेश बाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष विकास बाल्मीकि, इंटेक जिला अध्यक्ष सुरजीत गुलिया, स्वास्थ्य हॉस्पिटल के संचालक डॉ रोहित गुलिया, जेजेपी जिला मीडिया प्रभारी डॉ विकास पाराशर, बीजेपी जिला मीडिया प्रभारी गीतांशु चावला, एवन न्यूज चैनल से वरुण, श्री श्याम सेवा प्रचार समिति के सेवादार सहित श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की सभी जिला इकाईयों के जिला अध्यक्ष, जिला कार्यकारिणीयां व सैकड़ों की संख्या में प्रदेशभर से आए पत्रकार उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!