Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
देश भक्तिप्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

वीर शहीदों के बलिदान और तिरंगे की शान को नमन करते हुए पुलिस लाईन में मनाये गये 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह मे प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया ध्वजारोहण

हरियाणा के आर्थिक विकास में तेजी, युवाओं, किसानों, महिलाओं सशक्तिकरण और गरीबों के कल्याण पर सरकार का विशेष फोकस: मंत्री राव नरबीर सिंह

-स्वतंत्रता सेनानियों व शहीदों को नमन करते हुए मंत्री ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस और तीज की दी बधाइयां

-मंत्री ने परेड का किया निरीक्षण, विकसित भारत और विकसित हरियाणा के निर्माण का दिलाया संकल्प

सोनीपत,(अनिल जिंदल) 15 अगस्त। प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पुलिस लाइन में आयोजित 80वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया। इसके पहले पुलिस लाईन के नजदीक बने शहीदी स्मारक पर जाकर उन्होंने पुष्पचक्र भेंट करते हुए वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन महान वीरों के त्याग, तपस्या और संघर्ष की याद दिलाता है, जिनके बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण:-

ध्वजारोहण के उपरांत राव नरबीर सिंह ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति की भावना का शानदार प्रदर्शन किया। परेड निरीक्षण के दौरान उपस्थित लोगों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद उन्होंने संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस के साथ-साथ हरियाली तीज के पावन पर्व की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के साथ हरियाली तीज का पर्व भी मनाया जा रहा है। प्रकृति, संस्कृति और नारी शक्ति से जुड़ा यह पर्व हमारी समृद्ध सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया नमन:-

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि देश की आजादी असंख्य ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान का परिणाम है। महात्मा गांधी सहित देश के असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और तेजस्वी नेतृत्व ने वर्ष 1947 में भारत को अंग्रेजी शासन से मुक्ति दिलाई। उन्होंने कहा कि देश के संविधान निर्माताओं ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों पर लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी थी। आज 140 करोड़ से अधिक भारतीय विविधता में एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान के प्रति अटूट आस्था के साथ भारत को विश्व के सबसे बड़े और सशक्त लोकतंत्र के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को दोहराने का दिन भी है।

देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे वीर जवानों को किया नमन:-

मंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे भारतीय सेना, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवानों को विशेष रूप से नमन किया। उन्होंने कहा कि हमारे वीर सैनिक विपरीत परिस्थितियों में भी तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने उन वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि जब भी देश की अस्मिता और सुरक्षा को चुनौती मिली, भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया है।

शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता:-

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण को सदैव सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जा रही है। पिछले लगभग 12 वर्षों में लगभग सवा चार सौ शहीदों के आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी सहायता नहीं, बल्कि राष्ट्र की ओर से अपने वीर सपूतों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

हरियाणा की धरती वीरता और देशभक्ति की धरती:-

मंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती वीरता, त्याग और देशभक्ति की धरती है। 10 मई 1857 को अंबाला से उठी स्वतंत्रता आंदोलन की चिंगारी ने पूरे देश में आजादी की अलख जगाई थी। इस ऐतिहासिक संघर्ष ने अंग्रेजी शासन की नींव को चुनौती दी और देशवासियों के मन में स्वतंत्रता की लौ को और प्रज्वलित किया। उन्होंने बताया कि इस गौरवपूर्ण इतिहास को आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा अंबाला छावनी में भव्य शहीदी स्मारक स्थापित किया जा रहा है, जिसका निर्माण अंतिम चरण में है। यह स्मारक हमारे वीरों के त्याग, संघर्ष और देशभक्ति का स्थायी प्रतीक बनेगा।

सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण कदम:-

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिकों एवं अर्धसैनिक बलों के कर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम की स्थापना की जा रही है। इसके लिए इस वर्ष 178.14 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि अग्निवीरों के लिए सरकारी सेवाओं में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 बनाई गई है और ऐसा करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है।

तेजी से आगे बढ़ रही हरियाणा की अर्थव्यवस्था:-

मंत्री ने कहा कि आज भारत अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामरिक शक्ति के साथ-साथ तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के कारण भी विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, नवाचार और आर्थिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी विकसित भारत के साथ विकसित हरियाणा के संकल्प को लेकर विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2026-27 में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद लगभग 15.18 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 11 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति में कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास के साथ-साथ निवेश बढ़े, नए उद्योग स्थापित हों, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हों, किसानों की आय बढ़े और प्रदेश के हर क्षेत्र में आधुनिक बुनियादी ढांचा विकसित हो।

मेक इन हरियाणा से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर:-

उन्होंने कहा कि हरियाणा में उद्योगों के लिए कारोबारी वातावरण को सरल एवं पारदर्शी बनाया गया है। प्रमाण-पत्र, लाइसेंस और अनुमतियों से जुड़ी अनेक प्रक्रियाओं को आसान किया गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने एमएसएमई पॉलिसी को मंजूरी दी है और औद्योगिक नीति में भी आवश्यक संशोधन किए गए हैं। प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया अभियान की तर्ज पर हरियाणा में मेक इन हरियाणा नीति तैयार की गई है। इसके तहत वर्ष 2030 तक एमएसएमई क्षेत्र में 55 हजार करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 5 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा पिछले वर्ष बजट भाषण में घोषित 10 नई आईएमटी में से 6 को मंजूरी दी जा चुकी है। भौगोलिक स्थिति, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता तथा बेहतर कनेक्टिविटी के कारण हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

हाइड्रोजन ट्रेन से हरियाणा ने दिखाई भविष्य की तकनीकी क्षमता:-

मंत्री ने कहा कि आधुनिक परिवहन और हरित प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने जींद रेलवे स्टेशन से जींद-सोनीपत के बीच देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक से विकसित यह ट्रेन भारत की बढ़ती तकनीकी क्षमता तथा स्वच्छ एवं टिकाऊ परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा वर्तमान विकास के साथ-साथ भविष्य की तकनीक और हरित अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है।

युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब विकास के चार प्रमुख स्तंभ:-

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के चार प्रमुख स्तंभ युवा, अन्नदाता, नारी शक्ति और गरीब बताए हैं। हरियाणा सरकार इन चारों स्तंभों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अनुसूचित जातियों, पिछड़े वर्गों और समाज के अन्य वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। पिछड़ा वर्ग की क्रीमीलेयर आय सीमा को 6 लाख रुपये से बढ़ाकर 8 लाख रुपये किया गया है तथा पिछड़ा वर्ग-बी को पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों में आरक्षण प्रदान किया गया है।

चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा ने हासिल की उल्लेखनीय प्रगति:-

मंत्री ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश में एक चिकित्सा विश्वविद्यालय और 12 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। इनमें पांच सरकारी और सात निजी मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 2,260 तथा पीजी की 788 सीटों की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि प्रदेश के युवाओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने राज्य में ही उपलब्ध हो सकें।

किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार प्रतिबद्ध:-

मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा का अन्नदाता प्रदेश के विकास का आधार है और सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर करने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं, सरसों, सूरजमुखी, मसूर, धान, ज्वार, बाजरा, गन्ना, कपास और चना सहित विभिन्न फसलों को एमएसपी पर खरीदने की व्यवस्था किसानों के लिए महत्वपूर्ण कदम है। अंग्रेजों के समय से चली आ रही आबियाने की व्यवस्था को समाप्त किया गया है तथा शामलात भूमि पर 20 वर्षों से काबिज पट्टेदारों को मालिकाना हक देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

महिला सशक्तिकरण के साथ आगे बढ़ रहा हरियाणा:-

उन्होंने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने शिक्षा, खेल, विज्ञान, प्रशासन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को केवल लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि विकास में सक्रिय भागीदार बनाया जाए। उन्होंने कहा कि लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की राशि दी जा रही है तथा आगामी समय में महिलाओं की और अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए परिवार की आय सीमा में छूट बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस की थीम युवा शक्ति—विकसित भारत 2047 की यात्रा का नेतृत्व युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है।

नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और विकसित हरियाणा का संकल्प:-

मंत्री ने नशे को युवा शक्ति और समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ सरकार और समाज को मिलकर लड़ाई लडऩी होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रव्यापी नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में हरियाणा ने भी उल्लेखनीय भागीदारी की है। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 3,200 से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और युवाओं ने एक साथ नशामुक्त भारत का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्पष्ट है-नशामुक्त युवा, स्वस्थ परिवार और विकसित हरियाणा।

खेलों में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने बढ़ाया देश का गौरव:-

मंत्री ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा ने देश और दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय दल के शानदार प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाडिय़ों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बताया कि हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 10 पदक जीते, जिनमें 7 स्वर्ण पदक शामिल हैं। प्रदेश की बेटियों ने पांच स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का गौरव और बढ़ाया है। उन्होंने सभी खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाडिय़ों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

पारदर्शी और जन-केंद्रित शासन सरकार की प्राथमिकता:-

मंत्री ने कहा कि सरकार का एक महत्वपूर्ण संकल्प पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित शासन स्थापित करना है। तकनीक के माध्यम से सरकारी सेवाओं को लोगों के घर-द्वार तक पहुंचाया जा रहा है। ऑनलाइन पोर्टल और डिजिटल माध्यमों के जरिए योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ शासन में जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं तथा उन्हें हुनरमंद बनाने के लिए कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। बजट जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार करने से पहले आम नागरिकों से सुझाव लिए गए और उपयोगी सुझावों को बजट में शामिल किया गया।

2047 तक विकसित भारत और विकसित हरियाणा बनाने का संकल्प:-

समारोह के अंत में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता के इस गौरवपूर्ण अवसर पर हमें केवल अतीत की उपलब्धियों पर गर्व नहीं करना है, बल्कि भविष्य के भारत और भविष्य के हरियाणा के निर्माण का संकल्प भी लेना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब भारत को विकसित राष्ट्र और हरियाणा को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करना हमारा सामूहिक दायित्व है।

परेड कमांडर एसीपी मलकीत सिंह के नेतृत्व में परेड में मिलाये कदम से कदम:-

मुख्यातिथि के शुभ संदेश के उपरांत परेड कमांडर एसीपी राई मलकीत सिंह की अगुवाई में देशभक्ति के जज्बे के साथ पुलिस के महिला-पुरुष तथा होमगार्ड के जवानों ने विद्यार्थियों के साथ मार्च पास्ट किया गया, जिसकी उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सलामी ली। मार्च पास्ट में परेड कमांडर के नेतृत्व में सबसे पीएसआई मंजू के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस (महिला) की टुकड़ी कदमताल कर रही थी, जिनके पीछे पीएसआई कमलदीप के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस (पुरूष) के जवानों की टुकड़ी, प्लाटून कमांडर अभिषेक के नेतृत्व में गृहरक्षी हरियाणा के जवानों की टुकडिय़ां कदमताल करते हुए बढ़ती चली। इनके पीछे क्रतिका के नेतृत्व में हिन्दूस्तान गाईड नेवी विंग, तनीषा के नेतृत्व में हिन्दूस्तान गाईड, निशु के नेतृत्व में रैडक्रॉस जूनियर, मास्टर अभिमन्यू व लीडर अंकेश तथा मास्टर कुश के नेतृत्व में भारत स्काउट की टुकड़ी कदम से कदम मिलाती नजर आई। पूरी परेड में गोल्डन हेरियर स्कूल झुण्डपुर के बैंड की मधुर स्वरलहरियों के साथ कदमताल की, जिसका नेतृत्व कृष्णा ठाकुर कर रहे थे। परेड के उपरांत मास पीटी शो का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों दी दमदार प्रस्तुतियां:-

पीटी शो के उपरांत विभिन्न स्कूलों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां दी गई, जिसकी शुरुआत ब्राईट स्कोलर सीनियर सैकेण्डरी स्कूली की टीम ने पंजाबी देशभक्ति नृत्य की दमदार प्रस्तुति से की। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों मेंं रेनू विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल मॉडल टाउन सोनीपत ने मिश्रित नृत्य, जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल की टीम ने देशभक्ति नृत्य, शिवा शिक्षा सदन की टीम ने नारी सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य, दा स्प्रींग इंरा, ठरू उल्देपुर की टीम ने गुजराती लोक नृत्य गरबा तथा पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठï माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डïा सोनीपत ने हरियाणावी समूह नृत्य की प्रस्तुति के साथ देशप्रेम के संदेश को प्रसारित किया।

वीरांगनाओं व उत्तराधिकारियों सहित शहीदों के परिजनों को उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने किया सम्मानित:-

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने वीरांगनाओं तथा स्वतंत्रता सेनानियों के उत्तराधिकारियों और शहीदों के परिजनों को विशेष रूप से सम्मानित किया। इनमें शांता जैन, रामप्यारी, साहबो देवी, विद्या देवी, केसर देवी, रामदेवी, संतोष, रामप्रकाश, प्रेमलता, शकुंतला देवी, विरेन्द्र कुमार, धर्मवीर पालीवाल, सुरेन्द्र सिंह, जयकिशन पांचाल, मांगेराम, दयानंद आंतिल, सतप्रकाश शर्मा, पीके अग्रवाल, अमित आर्या, स्नेहलता, इंदूबाला, भगवत शर्मा, सतबीर सिंह, आजाद सिंह, रणधीर सिंह दहिया, देवदत्त, नरेश, महेन्द्र सिंह, रामकिशन तथा जोगिन्द्र शामिल रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिन वीर नारियों को सम्मानित किया गया उनमें कृष्णी देवी, सुदेश देवी, प्रकाशी, सुशीला देवी, निर्मला देवी, कमला, धनकौर, नाहनी देवी, संतोष देवी तथा संतरा शामिल रही।

अपने क्षेत्र में उत्कृष्टï प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित:-

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टï प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता शवेतांक, खिलाड़ी मिस्टर केशव, मैडिकल ऑफिसर डॉ० दीपक कौशिक, एलडीएम सुनीता अरोड़ा, बिजली विभाग से एक्सईएन अश्वनी कौशिक, नगर परिषद गोहाना के कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, गांव सनपेड़ा स्थित राजकीय स्कूल से प्राध्यापक जितेन्द्र कुमार, गांव गुहणा स्थित राजकीय विद्यालय से प्राध्यापक प्रदीप कुमार, गांव मलिकपुर राजकीय विद्यालय से जेबीटी अध्यापक पवन, म्यूजिक अध्यापक मनप्रीत सिंह, लिपिक सुरेन्द्र कुमार, उपायुक्त कार्यालय से कम्प्यूटर ऑपरेटर इकबाल, सेवादार भतेरी, सिक्योरिटी गार्ड स्व० गुरदीप सिंह के परिजन, आंगनवाड़ी वर्कर राजवंती, पुलिस विभाग से मुख्य सिपाही धीरज, मंदीप, संदीप, सिपाही हिमांशु, उप-निरीक्षक रत्तन, सहायक उप-निरीक्षक सुनील, विनोद, नवदीप, संजय, मुख्य सिपाही गुलशन, सिपाही सुनील, सेक्टर-7 स्थित सीआईए टीम से उप-निरीक्षक विवेक कुमार, जितेन्द्र व विक्रांत, मुख्य सिपाही अनिल, प्रदीप व अमित तथा आर्थिक अपराध शाखा से उप-निरीक्षक अमित कुमार शामिल रहे।

परेड में गृहरक्षी हरियाणा की टुकड़ी रही प्रथम:-

मार्च पास्ट स्पर्धा में प्लाटून कमांडर अभिषेक के नेतृत्व में गृहरक्षी हरियाणा के जवानों की टुकड़ी ने प्रथम, हरियाणा पुलिस (महिला) की टुकड़ी ने द्वितीय तथा क्रतिका के नेतृत्व में हिन्दूस्तान गाईड नेवी विंग की टुकड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया जिन्हें कैबिनेट मंत्री राव नरबीर ङ्क्षसह ने पुरस्कृत किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों को भी पुरस्कृत किया गया।

पक्षियों को दाना देने के साथ किया पौधारोपण:-

उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव, विदेश सहयोग और सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के संपन्न होने के उपरांत पुलिस लाइन परिसर में एक पेड़ मां के नाम लगा कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने पक्षियों को भी दाना डालते हुए जीवों के संरक्षण को मजबूती दी। उन्होंने कहा कि मनुष्य को हर जीव की सेवा करनी चाहिए।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त ममता सिंह, उपायुक्त नेहा सिंह, जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत ङ्क्षसह, डीसीपी हैडक्वार्टर सोनाक्षी सिंह, डीसीपी ईस्ट मेधा भूषण, डीसीपी वेस्ट नरेन्द्र सिंह, डीएफओ रेनूबाला, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़, सीईओ जिला परिषद डॉ0 अनमोल तथा नगराधीश सिमरन, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज, महामंत्री तरूण देवीदास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी / कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान मंच का संचालन कुशलतापूर्वक डा. सुभाष सिसोदिया ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!