एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में हुआ समाधान शिविर का आयोजन
आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन गंभीर, एसडीएम ने संबंधित विभागों को तय समय में कार्यवाही करने के निर्देश


सोनीपत,16 नवम्बर। लघु सचिवालय में सोमवार को एसडीएम सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। एसडीएम सुभाष चंद्र ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर तत्काल आवश्यक कार्यवाही करते हुए निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
समाधान शिविर में मुख्य रूप से प्रॉपर्टी आईडी,बिजली विभाग,फैमिली आईडी, नगर निगम,राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। गांव बजाना खुर्द निवासी द्वारा परिवार पहचान पत्र में गलत अचल सम्पति को हटवाने की शिकायत बारे, शास्त्री कॉलोनी निवासी द्वारा मकान के सामने से अवैध निर्माण हटवाने बारे, सिदार्थ एन्क्लेव निवासी द्वारा प्रॉपर्टी आई डी में सुधार करके एनओसी जारी करने बारे, सेक्टर 23 निवासी द्वारा बेसहारा बच्चों की पेंशन बनवाने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई।
इसके अलावा गांव शहजादपुर के ग्रामीणों ने गांव में बंदरों के आतंक को खत्म करने व वृद्धावस्था पेंशन में जन्मतिथि का सत्यापन करवाने बारे, परिवार पहचान पत्र में विभिन्न त्रुटियों को दूर करवाने बारे शिकायतें प्राप्त हुई।
सभी शिकायतों का संज्ञान में लेते हुए एसडीएम सुभाष चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न की जाए तथा प्रत्येक मामले की प्रगति पर नियमित निगरानी रखी जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति की जानकारी समय पर उपलब्ध करवाई जाए।
इस दौरान एसीपी राजदीप मोर, तहसीलदार कीर्ति समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



