पुलिस उपायुक्त गोहाना ने गोहाना के गणमान्य व्यक्तियों के साथ की बैठक, शहर की कानून व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था पर की विस्तृत चर्चा


गोहाना, 09 जुलाई। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, आईपीएस, ADGP के दिशा-निर्देशानुसार पुलिस उपायुक्त गोहाना जितेंद्र गहलावत ने आज अपने कार्यालय में गोहाना शहर के गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक आयोजित कर शहर की कानून व्यवस्था, शांति, सामाजिक सौहार्द एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों से क्षेत्र में शांति एवं भाईचारा बनाए रखने, युवाओं को कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना साझा न करें तथा अफवाहों से बचते हुए केवल सत्यापित जानकारी पर ही विश्वास करें।
पुलिस उपायुक्त ने बैठक के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सड़क एवं फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि गलत पार्किंग एवं अतिक्रमण के कारण शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सभी गणमान्य व्यक्तियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि गोहाना पुलिस शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे तथा शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने, नशे पर रोक लगाने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पुलिस उपायुक्त ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके उचित समाधान का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में डॉ. गजराज, विकास जैन (कपड़ा व किरयाना प्रधान), संजय मेहंदीरत्ता (मिष्ठान्न व्यापार प्रधान), श्यामलाल (अनाज मंडी प्रधान), विनोद सेहरावत (पूर्व प्रधान, जाट महासभा), बलराम कौशिक (मनोनीत पार्षद, गोहाना), श्री भगवान ज्वेलर्स, जस्सी (सरपंच नगर), मोनू पंचाल, अरुण बड़ौक तथा राजकुमार सैनी सहित अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।



