वरिष्ठ पत्रकार संजय राठी : पत्रकार हितों के लिए समर्पित एक संघर्षशील व्यक्तित्व

गोहाना, (अनिल जिंदल) : संजय राठी देश के प्रतिष्ठित वरिष्ठ पत्रकार, प्रखर मीडिया चिंतक, कुशल संगठनकर्ता एवं पत्रकार हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने वाले अग्रणी नेता हैं। चार दशकों से अधिक समय से वे निष्पक्ष, निर्भीक और जनहितैषी पत्रकारिता के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता को केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व का माध्यम माना है।
वर्तमान में वे मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष, नेटवर्क-10 न्यूज़ चैनल (हरियाणा एवं पंजाब) के कार्यकारी संपादक तथा हरियाणा सरकार की मीडिया एक्रेडिटेशन कमेटी के सदस्य हैं। उनके नेतृत्व में मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स का विस्तार अनेक राज्यों में हुआ है और संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
संजय राठी का राष्ट्रीय पत्रकार संगठनों में भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मानेसर राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) का राष्ट्रीय सचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसके बाद अलीगढ़ राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें संगठन का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया। इन महत्वपूर्ण दायित्वों का उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए देशभर के पत्रकारों के हितों की आवाज़ को सशक्त बनाया।
वर्ष 2008 से वे हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एचयूजे) के निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं। उनके नेतृत्व में संगठन ने पत्रकार एकता को नई दिशा दी तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े अनेक मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाया। वे पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, दुर्घटना बीमा, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सम्मानजनक पेंशन, मीडिया की स्वतंत्रता तथा पत्रकार कल्याणकारी योजनाओं के लिए लगातार संघर्षरत हैं।
पत्रकारिता और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान को देखते हुए उन्हें भारत एवं विदेशों में 100 से अधिक बार सम्मानित किया जा चुका है। विभिन्न पत्रकार संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, शैक्षणिक संगठनों तथा सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं ने पत्रकार कल्याण, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मानवाधिकार, रक्तदान जागरूकता, युवा प्रेरणा तथा राष्ट्र निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें सम्मानित किया है।
संजय राठी का मानना है कि “स्वतंत्र, निष्पक्ष और उत्तरदायी पत्रकारिता ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति है। पत्रकारों का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना लोकतंत्र को सशक्त नहीं बनाया जा सकता।” इसी विचारधारा के साथ वे देशभर के पत्रकारों को संगठित कर उनके अधिकारों की रक्षा और समाज के प्रति पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
अपने दूरदर्शी नेतृत्व, संगठन निर्माण की क्षमता, निष्पक्ष पत्रकारिता और समाज सेवा के प्रति समर्पण के कारण संजय राठी आज देशभर के पत्रकारों के बीच एक सम्मानित, विश्वसनीय और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में स्थापित हैं। उनके नेतृत्व ने हजारों पत्रकारों को नई दिशा, नया आत्मविश्वास और एक सशक्त राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है।




