Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य कर आमजन की सुविधाओं को दें प्राथमिकता – प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी

सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की जिला समन्वय समिति की 10वीं मासिक बैठक का लघु सचिवालय में हुआ आयोजन

– जिला में विकसित होगा एक सिग्नेचर मॉडल रोड, रिठाला-कुंडली मेट्रो परियोजना से संबंधित लंबित कार्यो को संबंधित विभागों को तेजी से पूरा करने के निर्देश

सोनीपत, 29 जुलाई। प्रधान सलाहकार (शहरी विकास) डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्राथमिकता के आधार पर सभी कार्यो को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी की अध्यक्षता में सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (एसएमडीए) की जिला समन्वय समिति की 10वीं मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में 9वीं मासिक बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई (एक्शन टेकन रिपोर्ट) की समीक्षा की गई तथा नए एजेंडा बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने मानसून सीजन को देखते हुए शहर के सभी जलभराव वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की व्यवस्था बेहतर बनाई जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही संबंधित विभागों को जिला के सभी प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए, जिससे यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके।

बैठक में एसएमडीए को सड़कों के हस्तांतरण संबंधी विषय पर भी चर्चा की गई। बहालगढ़ रोड पर जलभराव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त को ड्रेनेज व्यवस्था में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, एचएसवीपी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि अटेरना स्थित एसटीपी की कमीशनिंग से जुड़े सभी कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिए जाएंगे।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) से संबंधित एजेंडा बिंदु की समीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 10 स्वीपिंग मशीनें कार्यरत हैं। प्रदूषण से संबंधित जिला में पांच हॉटस्पॉट चिन्हित किए गए हैं। एक सतत परिवेशी वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) पहले से कार्यरत है तथा तीन अन्य स्थान भी ऐसी व्यवस्था स्थापित करने के लिए चिन्हित किए गए है।

रिठाला-कुंडली मेट्रो परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रधान सलाहकार ने एनएचएआई, यूएचबीवीएनएल तथा वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें, ताकि परियोजना में अनावश्यक विलंब न हो।

म्हारी सड़क ऐप की समीक्षा करते हुए डी.एस. ढेसी ने निर्देश दिए कि सड़क से संबंधित सभी विभाग प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की मोबाइल टीमें नियमित रूप से सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत कर रही हैं। उन्होंने जिला में एक सिग्नेचर मॉडल रोड विकसित करने के लिए सभी संबंधित विभागों से विस्तृत प्रस्ताव एवं रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसएमडीए की सीईओ ए. मोना श्रीनिवास, जिला उपायुक्त नेहा सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, एसएमडीए की डिप्टी सीईओ वीना हुड्डा, एसडीएम सुभाष चंद्र, एसीपी राजपाल सिंह सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!