जिला में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज, सभी विभाग समयबद्ध तरीके से पूर्ण करें दायित्व – एडीसी अजय चोपड़ा
परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सुरक्षा, यातायात, बिजली, जलपान सहित सभी व्यवस्थाओं की तैयारियां समय रहते पूरी करने के दिए एडीसी ने निर्देश, पुलिस लाइन में आयोजित होगा स्वतंत्रता दिवस समारोह, 13 अगस्त को आयोजित होगी फाइनल रिहर्सल


-भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सोनीपत, 30 जुलाई। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर लघु सचिवालय में अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभिन्न विभागों को उनके दायित्व सौंपे गए तथा समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इसके आयोजन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि समारोह का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
बैठक के दौरान निमंत्रण पत्र, रंगोली, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्चपास्ट, मंच व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, यातायात प्रबंधन, बागवानी, एंबुलेंस एवं स्वास्थ्य सेवाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रिहर्सल, जलपान, कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, शौचालय, पीने का पानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित विभागों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी तैयारियों की नियमित समीक्षा करते हुए समय रहते कार्य पूर्ण किए जाएं, ताकि समारोह के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों तथा जिला स्तर पर सम्मानित किए जाने योग्य महानुभावों के नाम 10 अगस्त तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करवाएं, ताकि उनका समय रहते पुलिस सत्यापन सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण की जा सकें। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम (फाइनल) रिहर्सल आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभाग निर्धारित समय पर अपनी तैयारियों के साथ उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि समारोह में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों, विद्यार्थियों तथा आमजन की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में सीटीएम सिमरन, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मीतू धनखड़, एसीपी राजदीप मोर, तहसीलदार कीर्ति, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



