Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Mahendragarhधर्मब्रेकिंग न्यूज

सावन शिवरात्रि पर भूरास्ता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, कावड़ियों के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक

हर वर्ष की तरह प्रो. राम बिलास शर्मा के परिवार से राजू शर्मा लाए कावड़, मंत्री ने करवाया जलाभिषेक, हवन-यज्ञ के साथ भंडारे में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

महेंद्रगढ़,(अनिल जिंदल) 11 अगस्त। सावन शिवरात्रि के पावन पर्व पर मंगलवार को भूरास्ता धाम, गांव देवराली-राठीवास में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कावड़ियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर पहुंचे कावड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंजता रहा।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कावड़ियों एवं शिवभक्तों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ हवन-यज्ञ में भी भाग लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर डॉ. अरविंद शर्मा ने भूरास्ता धाम के विकास कार्यों के लिए 11 लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ-साथ हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का कार्य करता है।

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सावन शिवरात्रि सनातन संस्कृति और हमारी आस्था का अत्यंत पवित्र पर्व है। भगवान शिव की आराधना से मनुष्य को आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कावड़ियों की श्रद्धा और तपस्या को नमन करते हुए कहा कि कठिन यात्रा के बाद भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना उनकी अटूट आस्था का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की कृपा सभी प्रदेशवासियों पर बनी रहे और हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली आए, यही उनकी प्रार्थना है। धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने और हमारी सनातन परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करते हैं।

हर वर्ष कावड़ लेकर आते हैं राजू शर्मा

हर वर्ष की परंपरा के अनुसार पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. राम बिलास शर्मा के परिवार की ओर से उनके भाई राजू शर्मा कावड़ लेकर भूरास्ता धाम पहुंचे। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने उनका भगवान शिव का जलाभिषेक करवाया। कावड़ियों के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया और भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

हवन के बाद भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

सावन शिवरात्रि के अवसर पर भूरास्ता धाम में हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति डालकर भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

दिनभर मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। कावड़ियों की सेवा, जलाभिषेक, पूजा-अर्चना, हवन और भंडारे के चलते पूरा भूरास्ता धाम शिवभक्ति में डूबा नजर आया। इस अवसर पर महेंद्रगढ़ से विधायक कंवर सिंह, पूर्व विधायक अटेली सीता राम, हरीश कौशिक, बिल्लू सरपंच, राजू शर्मा, अश्वनी शर्मा, अमित मिश्रा, देवेंद्र यादव, रमेश यादव, हनुमान गोदारा, वीरेंद्र ब्रह्मचारी, धर्मबीर शर्मा आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!