एसडीएम अंकित कुमार ने पीएचसी जागसी व राजकीय यूनानी औषधालय का किया औचक निरीक्षण
समय पर स्वास्थ्य सेवाएं देना हो प्राथमिकता : एसडीएम अंकित कुमार


गोहाना(सोनीपत), 17 अगस्त। गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जागसी व राजकीय यूनानी औषधालय का औचक निरीक्षण किया। एसडीएम ने दोपहर 3 बजकर 45 मिनट पर स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों की उपस्थिति से संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अंकित कुमार ने हाजिरी रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड की जांच की। इस दौरान जो अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले, उनसे 24 घंटे के अंदर अपनी अनुपस्थिति के संबंध में जवाबदेही स्पष्ट करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम अंकित कुमार ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए यह भी जरूरी है कि चिकित्सक और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सरकारी संस्थानों में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।




