
बुटाना / गोहाना 20 अगस्त । चौ. धज्जा राम जनता महाविद्यालय, बुटाना में एम.एससी. कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहा है। इसके लिए महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू), रोहतक से प्रोविजनल एफिलिएशन प्राप्त होना महाविद्यालय की बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि है।
जनता विद्या भवन के अध्यक्ष अजित सिंह सांगवान ने इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि आज कंप्यूटर एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का युग है और कंप्यूटर शिक्षा का महत्व लगातार बढ़ रहा है। एम.एससी. कंप्यूटर साइंस शुरू होने से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पहले से ही बीसीए और बीएससी कंप्यूटर साइंस की शिक्षा दी जा रही है। अब एम.एससी. शुरू होने से कंप्यूटर शिक्षा को और मजबूती मिलेगी।
अजित सिंह सांगवान ने कंप्यूटर साइंस विभाग के एचओडी डॉ. रविंदर सांगवान के विशेष प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पाठ्यक्रम शुरू करने की प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए डॉ. अनीता सहित विभाग के अन्य शिक्षकों का भी आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जनता विद्या भवन प्रबंधन शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
महाविद्यालय में एम.एससी. फिजिक्स और एम.ए. इंग्लिश के बाद एम.एससी. कंप्यूटर साइंस शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों में उत्साह है। महाविद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि के लिए प्रबंधन, एमडीयू प्रशासन और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।




