युवा अग्रवाल वैश्य समाज गोहाना की नई कार्यकारिणी का विस्तार, विनोद गोयल महासचिव और प्रवीन जिंदल कोषाध्यक्ष बने
गोहाना,(अनिल जिंदल) 18 सितंबर। युवा अग्रवाल वैश्य समाज गोहाना विधानसभा की नई कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। गोहाना विधानसभा अध्यक्ष रिंकू जिंदल ने विनोद गोयल को महासचिव तथा प्रवीन जिंदल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने की दिशा में कार्य करने की उम्मीद जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, युवा अग्रवाल वैश्य समाज गोहाना विधानसभा के अध्यक्ष रिंकू जिंदल ने कुछ दिन पहले अपनी पूर्व कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू की गई। इसी क्रम में अब संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपते हुए विनोद गोयल को महासचिव और प्रवीन जिंदल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
अध्यक्ष रिंकू जिंदल ने दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि युवा अग्रवाल वैश्य समाज को समाज के युवाओं को साथ लेकर सामाजिक कार्यों एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए मजबूत किया जाएगा।
नवनियुक्त महासचिव विनोद गोयल और कोषाध्यक्ष प्रवीन जिंदल ने अध्यक्ष रिंकू जिंदल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने समाज के युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा समाजहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने की बात कही।



