EducationGohanaबीजेपीबीपीएस महिला विश्वविद्यालय खानपुरब्रेकिंग न्यूजराईराजनीतिसोनीपत

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार कर रही विभिन्न स्तरों पर कार्य – उपाध्यक्ष मीना परमार

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी तथा भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर का किया दौरा किया

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने जिला के दो विश्वविद्यालयों में छात्राओं को किया संबोधित

– सी इज एं चेंज मेकर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं से समाज में बदलाव की वाहक बनने का किया आह्वान, संबोधन में कहा कि नशा नाश की जड़ है और इसकी जड़ों को काटना हम सभी की जिम्मेदारी

सोनीपत, 08 अक्टूबर। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने गुरुवार को ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी तथा भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिलाओं से संबंधित शोषण अथवा किसी भी प्रकार की परेशानी की स्थिति में उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं अधिकारों की जानकारी भी दी। इस दौरान हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनिता लोहचब व जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज भी उनके साथ रही।

ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में उपाध्यक्ष मीना परमार ने फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद करते हुए महिला सशक्तिकरण और विकसित भारत में महिलाओं की भागीदारी अधिक से अधिक सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने इंटरनल कंप्लेंट कमेटी एवं पॉश कमेटी के सदस्यों से बातचीत कर शिकायतों की गोपनीयता बनाए रखने तथा महिला संबंधी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने महिला प्रोफेसरों के साथ संवाद के दौरान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं के नेतृत्व और उनकी बढ़ती भागीदारी को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर सी. राजकुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय के कैंपस में 51 प्रतिशत विद्यार्थी छात्राएं हैं, जबकि 55 प्रतिशत फैकल्टी मेंबर महिलाएं हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जा रहा है। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की समान और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने संस्थानों में मौजूद खामियों को दूर करना सभी की जिम्मेदारी बताते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग न करने के प्रति भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को कम उम्र में मोबाइल थमा देने से उनके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए हम सभी को इस दिशा में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने घर, गांव और आसपास के परिवेश से सकारात्मक बदलाव की शुरुआत कर सकता है। उन्होंने सी इज एं चेंज मेकर कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए छात्राओं से समाज में बदलाव की वाहक बनने का आह्वान किया।

उन्होंने नशे की बढ़ती समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज बेटियां और बेटे दोनों नशे की चपेट में आ रहे हैं, ऐसे में इससे लड़ना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्राओं, शिक्षकों और बुद्धिजीवी वर्ग से अपने कॉलेज, गांव और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता की मुहिम चलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से हाथ उठाकर नशे के खिलाफ अभियान का हिस्सा बनने का संकल्प भी दिलाया।

उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है और इसकी जड़ों को काटने की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अपने कॉलेज के साथ-साथ सामाजिक संगठनों, एनजीओ, पंच-सरपंच तथा जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर नशे के खिलाफ व्यापक मुहिम चलाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवा शक्ति, महिला शक्ति व अन्य सभी वर्गों को साथ लेकर विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने छात्राओं को महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में विश्वविद्यालय की इंटरनल कंप्लेंट कमेटी में शिकायत की जा सकती है। उन्होंने पॉश एक्ट के तहत शिकायत निवारण की प्रक्रिया, जीरो एफआईआर, महिला थानों तथा वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में वह हरियाणा राज्य महिला आयोग से भी संपर्क कर सकती है।

इस दौरान उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सस्टेनेबल डेवलपमेंट से संबंधित रिपोर्ट का विमोचन किया। साथ ही, विश्वविद्यालय परिसर स्थित संविधान संग्रहालय का दौरा कर संविधान से जुड़ी विभिन्न जानकारियों को आधुनिक तरीके से जाना। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर सी. राजकुमार ने उपाध्यक्ष मीना परमार को संविधान की विशेष प्रति एवं विश्वविद्यालय का स्कार्फ भेंट कर सम्मानित किया।

इस दौरान वाइस चांसलर सी. राजकुमार, वाइस चांसलर डाॅ. सुदेश छिक्कारा, सदस्य सुनीता लोहचब, जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, वरिष्ठ नेता आजाद सिंह नेहरा, रजिस्ट्ररी श्रीधर पटनायक, रजिस्ट्रार प्रोफेसर शिवालिक यादव, प्रोफेसर उपासना, प्रोफेसर आनंद, प्रोफेसर हिमांसी, एसएचओ कविता, सीडीपीओ सुशीला, सोनिया मोर, सीमा ग्रोवर, अमनदीप, अंजु दहिया, किरण बाला, हरदीप व अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!