

– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 12 साल की योजनाओं और उपब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए योग मैराथन सहित अनेक कार्यक्रम किए जा रहे हैं आयोजित-विधायक
सोनीपत,(अनिल जिंदल)15 जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार के 12 साल होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया गया। योग मैराथन का शुभारंभ सोनीपत विधायक निखिल मदान ने हरी झंडी दिखाकर किया। योग मैराथन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, खिलाडिय़ों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को घर-घर पहुंचाने और नशे को समाज से दूर भगाने के संदेश के साथ मिलकर दौडे।
विधायक निखिल मदान ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग युक्त-नशा मुक्त समाज के निर्माण में योग की अहम भूमिका है। योग स्वस्थ जीवनशैली का आधार है और वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य एक स्वस्थ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण करना है तथा योग इस लक्ष्य को प्राप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग आज वैश्विक पहचान बना चुका है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरी दुनिया में मनाया जा रहा है और करोड़ों लोग योग को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा 12 साल में बनाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देश व प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें योग मैराथन, योग शिविर, प्रदर्शनी, जनसंवाद तथा जागरूकता अभियान शामिल हैं।
विधायक ने कहा कि यदि देश को विकसित राष्ट्र बनाना है तो नागरिकों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है। स्वस्थ व्यक्ति ही स्वस्थ समाज और मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर योग एवं खेल गतिविधियों से जुडऩे का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं की सहभागिता जरूरी है इसलिए सभी नशे से दूर रहकर और योग को अपनाकर देश के विकास के लिए कार्य करें ताकि हम विकसित भारत के संकल्प को समय से पहले ही पूरा कर लें। इस दौरान विधायक ने मैराथन के सभी विजेताओं को सम्मानित भी किया।
योग मैराथन का आयोजन लघु सचिवालय से प्रारंभ होकर, हैबीटेट क्लब रोड़, महलाना रोड़, तिरंगा चौक, छोटूराम चौक से होते हुए पुन: लघु सचिवालय परिसर में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ मैराथन में भाग लेते हुए योग और फिटनेस का संदेश दिया।
मैराथन में 40 वर्ष तक के पुरुष वर्ग में प्रथम स्थान बसंत, द्वितीय स्थान तनुज तथा तृतीय स्थान अश्वनी ने प्राप्त किया। इसी प्रकार 40 वर्ष तक के महिला वर्ग में पहले स्थान पर भारती, दूसरे स्थान पर अंशिका तथा तीसरे स्थान पर गुंजन रही। इसके अलावा 40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में पहला स्थान अमित मास्तर, दूसरा स्थान दयानंद तथा तीसरा स्थान जसबीर खत्री ने हासिल किया। साथ ही 40 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में प्रोमिला आंतिल पहले तथा मंजीत द्वितीय स्थान पर रही।
इस मौके पर डीसीपी नरेन्द्र कादियान, एसडीएम सुभाष चंद्र, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ० राम अवतार, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार, आयुष विभाग से योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ० संजय शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।




