17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, सोनीपत रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर ट्रेन का होगा भव्य स्वागत
-रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार करेंगे बतौर मुख्यातिथि शिरकत, सोनीपत के अलावा गोहाना व मोहाना रेलवे स्टेशन पर भी किया जाएगा ट्रेन का स्वागत

-प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक कार्यक्रम का सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में होगा सीधा प्रसारण
सोनीपत, 16 जुलाई। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन से संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर ट्रेन के सोनीपत रेलवे स्टेशन पहुंचने पर उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियों पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि सोनीपत के अलावा गोहाना व मोहाना स्थित रेलवे स्टेशन पर भी ट्रेन का भव्य स्वागत किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में उनके साथ राई से विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत से विधायक निखिल मदान, खरखौदा से विधायक पवन खरखौदा, गन्नौर से विधायक देवेन्द्र कादियान, नगर निगम मेयर राजीव जैन, भाजपा वरिष्ठï नेता देवेन्द्र कौशिक, प्रदीप सांगवान, जिला परिषद की चेयरपर्सन मोनिका दहिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सोनीपत अशोक भारद्वाज व जिलाध्यक्ष गोहाना बिजेन्द्र मलिक भी मौजूद रहेंगे।




