Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
प्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा, पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराया जाएगा 6 लाख रुपये तक का ऋण-सीईओ डॉ० अनमोल

सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल की अध्यक्षता में डीएल-पीएसीसी समिति की बैठक, विभिन्न स्वरोजगार व्यवसायों को दी गई मंजूरी

सोनीपत, 28 जुलाई। अनुसूचित जातियों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) के अंतर्गत मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय परियोजना मूल्यांकन सह अभिसरण समिति (डीएल-पीएसीसी) की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल ने की। बैठक में अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र व्यक्तियों को स्वरोजगार से जोडऩे तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न व्यवसायों एवं परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई।

सीईओ जिला परिषद डॉ. अनमोल ने कहा कि प्रधानमंत्री अजय (पीएम-अजय) योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगार व्यक्तियों को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए 1 लाख रुपये से 6 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस ऋण पर सरकार की ओर से 50 हजार रुपये तक की सब्सिडी प्रदान की जाएगी, जबकि ऋण पर महिलाओं के लिए 5 प्रतिशत तथा पुरुषों के लिए 6 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि योजना का लाभ केवल उन पात्र अनुसूचित जाति परिवारों को मिलेगा जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपये से कम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजना की विस्तृत जानकारी देकर अधिक से अधिक आवेदन करवाए जाएं, ताकि जरूरतमंद परिवार स्वरोजगार स्थापित कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत बना सकें।

बैठक के दौरान समिति द्वारा विभिन्न आय सृजन व्यवसायों को स्वीकृति प्रदान की गई। इनमें वाणिज्यिक वाहन खरीद, ई-रिक्शा संचालन, ड्रोन वीडियोग्राफी एवं कृषि सेवाएं, सीसीटीवी कैमरा स्थापना एवं रखरखाव, हैंडलूम कार्य, बर्तन की दुकान, गिफ्ट गैलरी, पौधशाला, खाद्य प्रसंस्करण इकाई, टिफिन सेवा, फास्ट फूड एवं मिठाई की दुकान, फर्नीचर निर्माण, डिजिटल एवं फ्लेक्स प्रिंटिंग, मोटरसाइकिल एवं साइकिल रिपेयरिंग, कार डेकोरेशन एवं वॉशिंग सेंटर, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग वर्कशॉप, बुटीक एवं सिलाई केंद्र, फोटो स्टूडियो, सैलून एवं ब्यूटी पार्लर, मोबाइल रिपेयरिंग एवं एक्सेसरीज़ की दुकान, कपड़ा दुकान, जूते-चप्पल की दुकान, स्टेशनरी एवं फोटोस्टेट सेंटर, चाय एवं कन्फेक्शनरी की दुकान, किराना स्टोर, कॉस्मेटिक शॉप, निर्माण सामग्री आपूर्ति, मेडिकल स्टोर, स्मार्ट होम डेकोर शॉप तथा मॉड्यूलर किचन कार्य जैसी अनेक स्वरोजगार परियोजनाएं शामिल हैं।

डॉ. अनमोल ने कहा कि इन परियोजनाओं के माध्यम से अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को आवेदन प्रक्रिया में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

इस मौके पर सीएमओ डॉ० अनुराधा जैन, सिंचाई विभाग के एसई मंजीत हुड्डा, अनुसूचित जाति कल्याण निगम से मैनेजर डॉ० बिजेन्द्र कुमार, जिला कल्याण अधिकारी कमल कुमार, जन-अभियांत्रिकी विभाग से एक्सईएन गौतम कुमार, एडीआईओ विजय बल्हारा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!