गोहाना एसडीएम अंकित कुमार ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडलाना का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सीएचसी में समय पर पहुंचकर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के दिए निर्देश


गोहाना(सोनीपत),(अनिल जिंदल) 12 अगस्त। गोहाना एसडीएम अंकित कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडलाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए हाजिरी रजिस्टर की जांच की तथा कर्मचारियों की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली।
एसडीएम ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि मरीजों एवं उनके साथ आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसडीएम अंकित कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहें और आमजन को बेहतर एवं सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सम्मानपूर्वक एवं संवेदनशीलता के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने तथा समय पर कार्यालय पहुंचने और निर्धारित समय तक अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ समय पर और बेहतर तरीके से उपलब्ध करवाना है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाए रखने तथा मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।




