डॉ. अरविंद शर्मा व डॉ. रीटा शर्मा होंगे भव्य जलझूलनी डोला शोभायात्रा के मुख्य अतिथि
22 सितंबर को गोहाना में निकलेगी भव्य जलझूलनी डोला शोभायात्रा, यूपी की धार्मिक झांकियां और नासिक-संगरूर के बैंड रहेंगे आकर्षण

गोहाना, 20 सितंबर। श्री सनातन धर्म मंदिर श्री शिवालय मस्तनाथ समिति (रजिस्टर्ड), गोहाना की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 22 सितंबर को प्राचीन जलझूलनी डोला की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा को लेकर मंदिर समिति द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक रंग में रंगने वाली इस शोभायात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे पुरानी सब्जी मंडी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से होगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रवीण गोयल ने बताया कि शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर मेन बाजार, तहसील रोड, पुरानी अनाज मंडी, हुकमचंद मंडी, बरोदा रोड, सिविल रोड और रोहतक गेट से होते हुए वापस मंदिर प्रांगण में पहुंचेगी। शोभायात्रा के मार्ग में श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं की ओर से जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा।
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और डॉ. रीटा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं सुनील मेहता एवं नीलम मेहता की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। शोभायात्रा के मुख्य यजमान डॉ. एस.एन. गुप्ता एवं श्रीमती मंजू गुप्ता होंगे।
धार्मिक झांकियां और बैंड रहेंगे आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न राज्यों से कलाकारों और बैंड पार्टियों को आमंत्रित किया गया है। उत्तर प्रदेश के मेरठ और शामली से प्रसिद्ध धार्मिक झांकियां शामिल होंगी। इसके अलावा महाराष्ट्र का प्रसिद्ध नासिक ढोल-बैंड, पंजाब का संगरूर बैंड, दिल्ली-एनसीआर का श्री बालाजी बैंड और सोनीपत का पॉपुलर बैंड अपनी प्रस्तुतियां देंगे। विभिन्न बैंड-बाजों और कलाकारों की प्रस्तुतियां शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मंदिर के प्रवक्ता शुभम गोयल (लोहिया) ने बताया कि जलझूलनी डोला शोभायात्रा को लेकर शहरवासियों में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल है। शोभायात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न स्थानों पर तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं और सामाजिक संस्थाओं की ओर से शोभायात्रा का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा।
मंदिर समिति ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाने तथा भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।



