जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम में युवाओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा
सिटी मजिस्ट्रेट सिमरन ने युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का किया आह्वान

मेरा युवा भारत, सोनीपत द्वारा जी.वी.एम. गर्ल्स कॉलेज में आठ प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन
सोनीपत, 05 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, सोनीपत द्वारा जिला स्तरीय “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन जी.वी.एम. गर्ल्स कॉलेज में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सिटी मजिस्ट्रेट सिमरन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया तथा “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
प्राचार्या मंजुला स्पाह ने कहा की इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। उन्होने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण युवाओं की जागरूकता और सहभागिता से ही संभव है।
कार्यक्रम में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें समूह नृत्य, लोक संगीत, स्लैम पोएट्री, रील मेकिंग, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, वाद-विवाद तथा नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को भागीदारी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। उपस्थित सभी युवाओं ने “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” का संकल्प लेते हुए स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जन जागरूकता फैलाने की शपथ ली।
इस कार्यक्रम दौरान पूजा, जिला युवा अधिकारी, डॉ. निहारिका (सहायक प्रोफेसर) मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों कमल, नैन्सी, अंकुश, विद्यासागर, हिमांशु, मीनाक्षी, नेहा एवं कॉलेज के समस्त स्टाफ ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग प्रदान किया।




