समाधान शिविर में एसडीएम अंकित कुमार ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
जनसुनवाई को मिली गति, समाधान शिविर में अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश


गोहाना(सोनीपत),07 सितंबर। गोहाना के लघु सचिवालय में आज आयोजित समाधान शिविर की अध्यक्षता एसडीएम अंकित कुमार ने की। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान शिविर में परिवार पहचान पत्र की इनकम वेरीफाई करवाने बारे शिकायत, बिजली कनेक्शन लगवाने बारे, वृद्धावस्था पेंशन बनवाने बारे, गलत प्रॉपर्टी टैक्स कटवाने बारे तथा गली से अवैध कब्जा छुड़वाने बारे जैसी शिकायतें प्राप्त हुई।
शिविर में प्राप्त शिकायतों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की तथा शेष मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर उनका निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करें।
समाधान शिविर में नायब तहसीलदार गोहाना हेमंत कुमार, नायब तहसीलदार खानपुर अंजू बिजली विभाग से एसडीओ कपिल यादव, जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ नरेंद्र लाठर,एआर प्रशांत कुमार तथा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से एएफएसओ राजेश हुड्डा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




