नगर परिषद चेयर पर्सन रजनी विरमानी ने नारियल फोड़कर किया निर्माण कार्य का शुभारंभ, वार्ड-13 के लोगों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा
विष्णु नगर में विकास को मिली नई रफ्तार, 5.80 लाख से बनेगी इंटरलॉकिंग टाइल्स वाली गली


गोहाना, (अनिल जिंदल)। गोहाना शहर के विकास की दिशा में नगर परिषद की ओर से एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। वार्ड नंबर 13 के विष्णु नगर में बर्फ फैक्ट्री वाली गली के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया। करीब 5.80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस गली का निर्माण इंटरलॉकिंग टाइल्स से किया जाएगा। गली के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र की सड़क व्यवस्था भी बेहतर होगी।
निर्माण कार्य के शुभारंभ के अवसर पर वार्ड पार्षद भगवती सुनील राजपाल सहित स्थानीय गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। इस दौरान लोगों ने विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और नगर परिषद के प्रयासों की सराहना की।
नगर परिषद गोहाना की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी कड़ी में विष्णु नगर की इस गली का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया है। इंटरलॉकिंग टाइल्स से बनने वाली गली से न केवल लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि बरसात के दिनों में भी स्थानीय लोगों को आने-जाने में राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर सतीश सैनी, पवन कुमार, ओम प्रकाश मेहता, नरेश कुमार, सुनील कटारिया, जॉनी नरंग और मनोज मेहता सहित अनेक स्थानीय गणमान्य व्यक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
नगर परिषद की ओर से कहा गया कि शहर के प्रत्येक वार्ड में लोगों की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्य करवाने और जनसुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विकास कार्यों की यह निरंतरता गोहाना शहर को बेहतर और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




