गोहाना के विकास में नहीं रहने देंगे कोई कमी : डॉ. अरविंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री ने तीन विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ, मंत्री बोले, जल निकासी और बुनियादी ढांचा होगा मजबूत,



मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विकास कार्यों को मिल रही गति, करीब 700 करोड़ की विकास सौगातों को धरातल पर उतारने पर जोर
अधिकारियों को दो टूक, गुणवत्ता से समझौता नहीं, निर्धारित समय में पूरे हों जनहित के काम
गोहाना,(अनिल जिंदल) 12 सितंबर। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शनिवार को गोहाना क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए कहा कि गोहाना के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में क्षेत्र के लिए मंजूर विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल परियोजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उनका लाभ पहुंचाना है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गोहाना के विकास के लिए करीब 700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। इन परियोजनाओं पर अलग-अलग स्तर पर काम आगे बढ़ रहा है। वे स्वयं अधिकारियों से नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट लेते हैं, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और उन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि गोहाना में सड़क, जल निकासी, सिंचाई, शहरी सुविधाओं और अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। गांव और शहर दोनों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
श्री राम तालाब से ड्रेन नंबर-3 तक बिछेगी भूमिगत पाइपलाइन
कैबिनेट मंत्री ने श्री राम तालाब से ड्रेन नंबर-3 तक आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 355 मिलीमीटर व्यास की भूमिगत पाइपलाइन बिछाने के कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना का उद्देश्य आबादी क्षेत्र की सुरक्षा के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना है। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि बरसाती पानी और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं के स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सात स्थानों पर पाइप पुलियाओं की जगह बनेंगी बॉक्स पुलियाएं
डॉ. अरविंद शर्मा ने वजीरपुर खंदराई ड्रेन की आर.डी. 16710, 17810, 18470, 19350, 21400, 22300 और 26450 पर पाइप पुलियाओं को बॉक्स पुलियाओं में परिवर्तित करने के कार्य का भी शुभारंभ किया। इससे ड्रेन से जुड़े बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने के साथ संबंधित क्षेत्रों में आवागमन और जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी।
मैकेनिकल स्टोर और इलेक्ट्रिक डीजल वर्कशॉप का होगा पुनर्निर्माण
तीसरी परियोजना के तहत मैकेनिकल स्टोर एवं इलेक्ट्रिक डीजल वर्कशॉप के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया। इसके पुनर्निर्माण से विभागीय ढांचे और कार्य व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि गोहाना की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की छोटी से छोटी समस्या से लेकर बड़ी विकास परियोजना तक लगातार नजर रखी जा रही है।
अधिकारियों के साथ नियमित समीक्षा का उद्देश्य यही है कि स्वीकृत परियोजनाएं कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ समय पर लोगों को मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्पष्ट संदेश है कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। हमारी जिम्मेदारी है कि गोहाना के लिए मंजूर एक-एक परियोजना को धरातल पर उतारें। गोहाना के विकास में न कोई कमी रहने दी जाएगी और न ही जनहित के कार्यों में अनावश्यक देरी होने दी जाएगी।




