भक्त फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
देशभक्ति की भावना से सराबोर हुआ भक्त फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित


खानपुर / गोहाना (सोनीपत), 15 अगस्त। भक्त फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, खानपुर कलां में देशभक्ति की भावना के साथ 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अधिकारियों, चिकित्सकों, कर्मचारियों एवं अन्य स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि संस्थान के निदेशक डॉ. जगदीश चन्द्र दूरेजा रहे। मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. संजीव सिंगला एवं अन्य अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। निदेशक डॉ. जगदीश चन्द्र दूरेजा ने ध्वजारोहण किया, जिसके उपरांत राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. जगदीश चन्द्र दूरेजा ने अपने संदेश में कहा कि डॉक्टर को समाज में भगवान का दर्जा दिया जाता है, इसलिए मरीजों की सेवा करना प्रत्येक चिकित्सक का महत्वपूर्ण कर्तव्य है। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को मरीजों के प्रति प्रेम, समर्पण और मेहनत से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने संस्थान की उपलब्धियों एवं मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा कर्मचारियों के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर संस्थान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
संस्थान के अतिरिक्त निदेशक श्री सुरेंद्र दून ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्सा सेवा प्रदान करना एक महत्वपूर्ण जनसेवा है, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल रहा है।
मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. संजीव सिंगला ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते हुए संस्थान का नाम ऊंचा करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के उपरांत जलपान की व्यवस्था की गई तथा उपस्थित लोगों एवं मरीजों में जलपान वितरित किया गया। इस अवसर पर संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।


