Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
EducationGohanaHealthबीजेपीब्रेकिंग न्यूजराजनीतिसोनीपत

बच्चों के बीच बैठीं डॉ. अर्चना गुप्ता, बोलीं- सपने देखो और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करो

सेवा संकल्प अभियान में बड़वासनी स्कूल पहुंचीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, स्वच्छता, स्वस्थ जीवन और जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश

 

गोहाना, 18 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बड़वासनी में विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय संवाद किया। डॉ. गुप्ता बच्चों के बीच जाकर बैठीं और सहज अंदाज में उनसे उनके सपनों, पढ़ाई, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजमर्रा की आदतों को लेकर बातचीत की।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल बड़े कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है, बल्कि छोटी-छोटी अच्छी आदतों से भी सेवा और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने बच्चों से पेड़ लगाने, पौधों को नियमित पानी देने और घर में माता-पिता के काम में हाथ बंटाने का आह्वान किया।

डॉ. गुप्ता ने बच्चों को नियमित हाथ धोने, नाखून काटने, रोज ब्रश करने, स्नान करने और साफ-सफाई रखने की सीख दी। उन्होंने बच्चों से बातचीत करते हुए स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

बॉक्स

‘पिज्जा-बर्गर से ज्यादा घर का खाना जरूरी’

स्वस्थ भोजन पर चर्चा करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए पौष्टिक भोजन जरूरी है। दाल, हरी सब्जियां और घर का बना भोजन खाने की आदत डालनी चाहिए। बाजार के खुले खाने की तुलना में घर का साफ-सुथरा और पौष्टिक भोजन स्वास्थ्य के लिए बेहतर है।

उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय रहने और आपस में मिलजुलकर रहने की सीख देते हुए कहा, “खूब खेलो, खूब पढ़ो और झगड़ा मत करो।”

बॉक्स

हर बच्चे के मन में हो अपना सपना

डॉ. गुप्ता ने बच्चों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि चाहे कोई डॉक्टर, नर्स, शिक्षक, वैज्ञानिक, आर्किटेक्ट, इंजीनियर या नेता बनना चाहता हो, उसे अपने सपने को लक्ष्य बनाकर निरंतर मेहनत करनी चाहिए। उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बच्चों के सपने ही देश के भविष्य की दिशा तय करते हैं।

उन्होंने ‘मेरे सपनों का भारत, विकसित भारत’ प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए बताया कि छोटे बच्चों के लिए ड्राइंग-पेंटिंग और बड़े बच्चों के लिए भाषण प्रतियोगिता होगी। विद्यालय, जिला और प्रदेश स्तर की प्रतियोगिताओं के बाद प्रदेश स्तर के विजेताओं को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

इसके उपरांत डॉ. अर्चना गुप्ता ने आंगनवाड़ी संख्या 121 पर आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सुदेश व सहायिका को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। महिलाओं से संवाद करते हुए उन्होंने उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम आवास योजना तथा आंगनवाड़ी के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के पोषण से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया।

इस मौके पर गोहाना भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, सोनीपत भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, पूर्व मंत्री कविता जैन, प्रदीप सांगवान, प्रदेश मंत्री विकास दहिया, सरपंच शीला देवी, खंड शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, प्राचार्या मीना कुमारी सहित ग्रामीण एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे!

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!