Welcome to राजनीति मंच   Click to listen highlighted text! Welcome to राजनीति मंच
Gohanaखेतीप्रशासनब्रेकिंग न्यूजसोनीपत

उपायुक्त नेहा सिंह ने गोहाना एसडीएम कार्यालय में किसानों के साथ की बैठक, सोनीपत से सिवानी तक पावर ग्रिड लाइन को लेकर हुई विस्तार से चर्चा

भूमि अधिग्रहण से जुड़े किसानों की आपत्तियां व सुझाव सुने, किसानों ने मांगा एक सप्ताह का समय

एक सप्ताह बाद किसानों के सुझावों व आपत्तियों पर दोबारा होगी चर्चा, सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई बैठक

गोहाना(सोनीपत),(अनिल जिंदल) 02 सितंबर। सोनीपत से सिवानी तक प्रस्तावित पावर ग्रिड लाइन हेतु भूमि अधिग्रहण को लेकर बुधवार को उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में गोहाना एसडीएम कार्यालय में संबंधित किसानों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पावर ग्रिड लाइन से संबंधित किसानों की आपत्तियों, सुझावों और उनकी चिंताओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पूरी बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक माहौल में हुई।

उपायुक्त नेहा सिंह ने किसानों की ओर से रखे गए प्रत्येक सुझाव एवं आपत्ति को ध्यानपूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों से परियोजना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से आपसी संवाद एवं समन्वय के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। बैठक के दौरान किसानों ने परियोजना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श के लिए एक सप्ताह का समय मांगा, जिस पर सहमति बनी।

किसानों द्वारा एक सप्ताह का समय लिए जाने के बाद परियोजना से संबंधित अपने सुझाव एवं आपत्तियों पर विचार किया जाएगा। इसके बाद दोबारा बैठक आयोजित कर किसानों के सुझावों एवं आपत्तियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी और आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।

बैठक में गोहाना के एसडीएम अंकित कुमार ने भी किसानों एवं पावर ग्रिड के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करने को लेकर आवश्यक जानकारी दी। अधिकारियों ने किसानों को परियोजना से संबंधित प्रक्रिया एवं भूमि अधिग्रहण से जुड़े विषयों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करवाई।

इस अवसर पर शुगर मिल की निदेशक अंकिता वर्मा, नायब तहसीलदार हेमंत कुमार, पावर ग्रिड की ओर से जीएम वीरेंद्र, डीजीएम प्रमोद कुमार भगत तथा इंजीनियर त्रिलोकी कुमार मौजूद रहे। किसानों की ओर से चांद सरपंच जाजी, मनोज कुमार सरपंच, बसंत सरपंच, पवन, राजबीर, अजीत तथा नरेंद्र गहलावत सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!