एसआईआर-2026 के तहत शेष एन्यूमरेशन फार्म का कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन दो दिन में करें पूरा : एडीसी अजय चोपड़ा
-24 जुलाई तक पूर्ण होगा एन्यूमरेशन फार्म का कलेक्शन, डिजिटाइजेशन एवं मतदान केंद्रों का युक्तिकरण कार्य

-31 जुलाई को प्रकाशित होगी प्रारूप मतदाता सूची, 30 अगस्त तक दर्ज कराए जा सकेंगे दावे एवं आपत्तियां
सोनीपत, 16 जुलाई। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में एसआईआर-2026 अभियान के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा के लिए सभी सुपरवाइजरों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष बचे कार्य को अगले दो दिनों में मिशन मोड पर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कार्य गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ समय पर पूरे किए जाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि एन्यूमरेशन फार्म का कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। इसलिए सभी सुपरवाइजर स्वयं फील्ड में जाकर कार्य की निगरानी करें तथा बीएलओ के साथ नियमित समन्वय बनाकर शेष कार्य को तेजी से पूरा करवाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि 24 जुलाई तक एन्यूमरेशन फार्म के कलेक्शन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके साथ ही निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्था का कार्य भी इसी अवधि में पूरा किया जाएगा, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का सही विवरण दर्ज होना चाहिए और कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए बीएलओ एवं सुपरवाइजर पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 31 जुलाई, 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके उपरांत 31 जुलाई से 30 अगस्त, 2026 तक पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने अथवा संशोधन संबंधी दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण एवं निस्तारण 28 सितंबर, 2026 तक किया जाएगा तथा 3 अक्टूबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।




